शामली के कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान 18 साल के एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान बनत निवासी सावन कश्यप के रूप में हुई है। सावन अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया में शामिल था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और सड़क जाम करने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। परिजनों के अनुसार, सावन को पेट में दर्द की शिकायत थी। बृहस्पतिवार शाम उसे कैराना रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने पेट का एक छोटा ऑपरेशन करने की बात कही थी। देर रात सावन का ऑपरेशन किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान ही सावन की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उनका यह भी आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने परिजनों को गुमराह किया और युवक को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। जब परिजनों को सावन की मौत की जानकारी हुई, तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज और ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक की मां चांदो ने बताया कि उनके चार बच्चे थे, अब तीन बचे हैं। उनका बेटा दीपक अग्निवीर का मेडिकल देने वाला था और नवंबर में उसकी जॉइनिंग थी। परिवार का कहना है कि सावन ही घर में कमाने वाला इकलौता बेटा था। चांदो देवी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा रूपेश हाइट कम होने के कारण नौकरी नहीं पा सका। वे छोटे बच्चों को पढ़ा-लिखाकर कामयाब बनाना चाहते थे। सावन की दो बहनें आरती और पूजा हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। पूजा ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने उनके भाई की जान ली है। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने कार्रवाई की मांग की और सड़क जाम करने का प्रयास किया। सीओ सिटी जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, युवक की मौत के वास्तविक कारणों और उपचार के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

