देवरिया जिले के तरकुलवा क्षेत्र में दो बच्चों की मां पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में खुशरुद्दीन (25) निवासी कंचनपुर को रविवार को दिन में 12 बजे गिरफ्तार किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बाकी दो आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 10 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दी थी। उसने बताया कि करीब तीन साल पहले परीक्षा देने के दौरान उसकी मुलाकात पड़ोसी गांव के खुशरुद्दीन से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसके बाद युवक ने कथित तौर पर अपनी पहचान और जाति छिपाकर महिला से संबंध बनाए। महिला का पति गुजरात में प्राइवेट जॉब करता है। आरोप है कि इसी दौरान युवक महिला को अपने साथ हरियाणा ले गया, जहां दोनों रहने लगे। बाद में दोनों तरकुलवा क्षेत्र स्थित युवक के घर पहुंचे। महिला के अनुसार, युवक के परिवार ने उसे घर में रखने से मना कर दिया और कहा कि धर्म बदलने के बाद ही वह साथ रह सकती है। पुलिस टीम छापेमारी कर रही महिला ने आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा और मारपीट भी हुई। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर खुशरुद्दीन पुत्र इद्रीश अंसारी, नूर मोहम्मद पुत्र इद्रीश अंसारी और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुकदमे में बीएनएस की धारा 69, 115(2), 352, 351(3), 127(2), 319(2) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 5(3) शामिल की गई हैं। पुलिस ने रविवार को खुशरुद्दीन को सिरसिया गोठा मोड़ पुलिया के पास से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।

