गाजीपुर के दुल्लहपुर स्थित धामुपुर में परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के पार्क के सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण का कार्य शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पार्क के विकास के लिए 59 लाख 34 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया है। बजट मिलने के बाद अब पार्क में निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। बुधवार को कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-03 वाराणसी की टीम पार्क पहुंची। टीम ने पुराने मुख्य गेट को हटाकर नए गेट के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह निर्माण कार्य जेई संदीप कुमार की देखरेख में हो रहा है। पार्क में निर्माण कार्य से संबंधित शिलान्यास बोर्ड भी स्थापित किया गया है। सौंदर्यीकरण योजना के तहत, पार्क में स्थापित शहीद वीर अब्दुल हमीद और उनकी पत्नी की मौजूदा प्रतिमाओं को नई और आकर्षक प्रतिमाओं से बदला जाएगा। मुख्य द्वार का भी नया डिजाइन तैयार किया जाएगा। शहीद के जीवन परिचय से संबंधित साइन बोर्ड को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे पार्क का समग्र रूप बेहतर होगा। लगभग एक साल पहले, शहीद के पुत्र जैनुल हसन ने पार्क के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखा था। शासन ने इस मांग पर संज्ञान लेते हुए बजट स्वीकृत किया, जिसके बाद अब मौके पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। जेई संदीप कुमार ने बताया कि पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है। 10 सितंबर को शहीद वीर अब्दुल हमीद का शहादत दिवस कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के कारण निर्माण कार्य में कुछ बाधा आ सकती है, लेकिन इसके बावजूद कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, शहीद के पुत्र जैनुल हसन और पौत्र मोहम्मद परवेज ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 10 सितंबर को शहादत दिवस कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।

