सीतापुर की महोली विधानसभा में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा, “जिसके घर में चोरी हुई है, उसे ही पता है कि उसके घर में चोरी हुई। पड़ोसी को थोड़ी पता है। राजनीतिक दलों को पता है कि वोट की चोरी हुई है, इसलिए वे आवाज उठा रहे हैं।” टिकैत ने केंद्र सरकार पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने और वोट चोरी को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर किसानों से हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे में न उलझने और प्रत्याशी को देखकर मतदान करने की अपील की। 50 वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे टिकैत राकेश टिकैत करीब 50 वाहनों के काफिले के साथ महोली पहुंचे। हाईवे किनारे स्थित एक गेस्ट हाउस में किसान कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय किसान यूनियन के समर्थन में नारे लगाए। ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में टिकैत ने कहा कि विपक्ष वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने विरोध में होने वाले प्रदर्शनों को कुचलने का प्रयास कर रही है। टिकैत ने कहा कि आगामी चुनाव में छात्र, किसान और मजदूर सरकार को जवाब देंगे। ‘सरकार ठीक नहीं, सोच-समझकर दें वोट’ चुनाव को लेकर किसान साथियों को संदेश देते हुए टिकैत ने लोगों से हिंदू-मुस्लिम के मुद्दों में न उलझने की अपील की। उन्होंने कहा, “वोट अपना देखकर दे दियो, जिसको देनी। सरकार ठीक नहीं है।” टिकैत ने किसानों से जाति और धर्म के बजाय प्रत्याशी को देखकर मतदान करने की बात कही। सिधौली की किसान पंचायत के लिए रवाना हुए महोली में स्वागत कार्यक्रम के बाद राकेश टिकैत सिधौली में आयोजित किसान पंचायत को संबोधित करने के लिए रवाना हो गए। इससे पहले वह मंडल उपाध्यक्ष अरुण शुक्ला के नेरी क्षेत्र के संसड़ा स्थित आवास पर भी रुके। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष रत्नेश मिश्रा, कोल्हौरा प्रधान राकेश कुमार, अखिलेश पंजाबी, नफीस खान, राजपाल, सरोज, रामप्यारी, प्रेमा और सरोजिनी सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

