Gyanesh Kumar: आंध्रप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला ने चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। चेन्नई में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पहुंचीं शर्मिला ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर मोदी और BJP का नियंत्रण है। उन्होंने चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
‘गरीब को ताकत देता है वोट का अधिकार’
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला ने कहा कि ‘वोट की चोरी’ देश के हर नागरिक के लिए एक बेहद गंभीर और व्यक्तिगत विषय है। उन्होंने कहा कि भारत में एक गरीब से गरीब व्यक्ति को भी अमीर के बराबर वोट देने का अधिकार प्राप्त है, और यही समानता हमारे देश को दुनिया का सबसे मजबूत लोकतंत्र बनाती है। शर्मिला ने बताया कि यदि वोटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रहेगी, तो आम जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।
चुनाव आयोग में निष्पक्षता पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाएं इस समय भारी राजनीतिक दबाव का सामना कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग के भीतर नियमों की अनदेखी की जा रही है।
शर्मिला ने कहा कि चुनाव आयोग का नियम स्पष्ट है, कोई भी आदेश या तो तीनों आयुक्तों की सर्वसम्मति से पारित होना चाहिए या फिर कम से कम दो आयुक्तों के बहुमत से। लेकिन वर्तमान में नियमों को दरकिनार कर ऐसे 14 आदेश जारी किए गए, जिन पर सर्वसम्मति या आवश्यक बहुमत था ही नहीं। उन्होंने इसे चुनाव आयोग के भीतर सीधे हस्तक्षेप का प्रमाण बताया।
‘केंद्रीय एजेंसियों की तरह ECI को भी नियंत्रित करने का प्रयास’
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए वाई.एस. शर्मिला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय जांच एजेंसियों जैसे CBI, ED, इनकम टैक्स और यहां तक कि स्टॉक एक्सचेंज को अपने नियंत्रण में रखकर चला रहे हैं। अब ठीक उसी तर्ज पर चुनाव आयोग को भी प्रभावित और नियंत्रित किया जा रहा है, जो संविधान के लिए एक बड़ा खतरा है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और राहुल गांधी का नेतृत्व
वाई.एस. शर्मिला ने देश के नागरिकों से एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग करती है। शर्मिला ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी आम जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रखेगी।

