वोटरों ने रचा इतिहास: रियांबड़ी व मूण्डवा में वोटिंग 84 फीसदी के पार

वोटरों ने रचा इतिहास: रियांबड़ी व मूण्डवा में वोटिंग 84 फीसदी के पार

दिनेश कुमार स्वामी @ नागौर.डीडवाना. शहरी मतदाताओं को साधुवाद! उन्होंने मतदान दिवस के दिन सबसे पहले काम मतदान को चुना। नतीजन करीब-करीब सभी निकायों में 80 फीसदी तक मतदान का प्रतिशत पहुंचा। रिकॉर्ड मतदान पहली बार शहरी वोटर बने रियांबड़ी के मतदाताओं ने 84 और राजनीतिक रूप से बेहद जागरूक मूण्डवा के वोटरों ने 85 प्रतिशत से अधिक मतदान किया है।

मतदान तुलना पिछले निकाय चुनावों से भी करें तो कुचामन सिटी, कुचेरा व लाडनूं जैसे निकायों को छोड़कर शेष में मतदान का प्रतिशत बढ़ा अथवा पिछले साल के आस-पास ही रहा है। जो यह बताता है कि मारवाड़ के इस हिस्से में मत के प्रति नागरिक जागरूक है। जिला मुख्यालय की नागौर नगर परिषद और मेड़ता सिटी नगर पालिका में तीन फीसदी से ज्यादा मतदान प्रतिशत बढ़ा है।

ज्यादा उत्साह छह निकायों में

यह चुनाव वोटरों के लिए इसलिए भी ज्यादा महत्वपूर्ण थे, कि 9 निकायों में साढ़े पांच साल और दो निकायों में करीब सात साल बाद चुनाव हुए है। इससे भी ज्यादा उत्साह उन छह निकायों में देखने को मिला, जहां पहली बार शहरी मतदाता के रूप में वोटरों को अपना पार्षद चुनने का मौका मिला। यह सब नई नगरपालिकाएं है, जिनका गठन पिछले कुछ समय के दौरान राज्य सरकार ने किया। इनमें बासनी और खाटूखुर्द में मतदान का प्रतिशत 80 से कम रहा है। शेष में मतदान का प्रतिशत 80 फीसदी से अधिक रहना भी मतदाता के उत्साह को दर्शाते हैं।

मतदान तुलना: गत चुनाव और वर्तमान चुनाव

शहरी निकाय मतदान 2021 मतदान 2026 वृदि्ध/कमी

नागौर 80.92% 84.14% 03.22%

लाडनूं 72.08% 67.86% -04.22%

मेड़ता सिटी 85.56% 82.41% – 03.15%

कुचामन सिटी 78.82% 76.27% -02.55%

परबतसर 85.17% 83.63% -01.54%

नावां शहर 78.70% 80.40% 01.70%

कुचेरा 84.97% 82.11% -02.86%

मूण्डवा 84.14% 85.14% 01.00%

डेगाना 82.16% 82.94% 00.78%

शहरी निकाय मतदान 2019 मतदान 2026 वृदि्ध/कमी

डीडवाना 75.78% 75.33% -00.45%

मकराना 83.56% 82.26% -01.30%

पहली बार चुनाव और मतदान प्रतिशत

शहरी निकाय मतदान 2026

जायल 83.55%

बासनी 67.16%

रियांबड़ी 84.15%

मेड़ता रोड 84.08%

खाटूखुर्द 79.17%

बोरावड़ 80.48%

बढ़ने और घटने के निकाल रहे मायने

मतदान का प्रतिशत बढ़ना और घटना दोनों ही चुनाव परिणामों पर असर डालते है। खासकर उन सीटों पर जहां मुकाबला नेक टू नेक फाइट का हो। यानि कड़े मुकाबले वाले वार्ड में मामूली मतदान की वृदि्ध या कमी परिणाम पलट कर रख देती है। नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले के स्थानीय निकायों में मतदान के प्रतिशत को लेकर राजनीतिक विश्लेषक चुनाव परिणाम पर असर का आकलन भी कर रहे है।

मतदान को लेकर दिखा जोश, नए वोटरों ने भी उत्साह से डाला वोट

डेगाना। नगर पालिका चुनाव के मतदान दिवस पर शहर में लोकतंत्र के पर्व के अलग-अलग रंग देखने को मिले। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही युवाओं की टोलियां पहुंचने लगीं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया। मतदान के बाद नए मतदाताओं ने इसे यादगार अनुभव बताते हुए अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।

पति-पत्नी दोनों प्रत्याशी, साथ पहुंचकर किया मतदान

चुनाव में कांग्रेस ने दो दंपती को अलग-अलग वार्डों से प्रत्याशी बनाया है। पूर्व शहर अध्यक्ष गिरधारी मुंडेल वार्ड संख्या 13 से, जबकि उनकी पत्नी भगवती मुंडेल वार्ड संख्या 23 से चुनाव मैदान में हैं। दोनों ने वार्ड 13 स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। इसी दौरान वार्ड 12 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश कूंकणा ने भी मतदान किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम बिंदा और उनकी पत्नी नीतू चौधरी ने साथ पहुंचकर वार्ड 8 में मतदान किया। दोनों ने मताधिकार का प्रयोग किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष राधाकिशन बिंदा ने वार्ड 12 में वोट डाला। मतदान केंद्रों पर विभिन्न दलों के प्रत्याशियों और समर्थकों की सक्रियता भी नजर आई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *