राजगढ़ खिलचीपुर के श्मशान परिसर स्थित वृद्धाश्रम में आगजनी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आग से वृद्धाश्रम के एक हॉल में रखे कपड़े, बिस्तर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। अंदर बने तीन लेट-बाथरूम में भी तोड़फोड़ की गई है। वृद्धाश्रम और श्मशान की देखरेख करने वाले न्यायालय के सेवानिवृत्त बाबू राम भरोसे शर्मा ने मंगलवार देर रात कुछ लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट करने के बाद वृद्धाश्रम में आग लगाई गई और तोड़फोड़ की गई। मारपीट के बाद बिस्तर पर गैस फेंकने का आरोप राम भरोसे शर्मा ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वे वृद्धाश्रम के हॉल में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने गैस उठाकर बिस्तर पर फेंक दी। इससे आग लग गई। इसके बाद आरोपियों ने राम भरोसे के मुंह पर कपड़ा बांधा और उन्हें एक वाहन में बैठाकर जीरापुर के पास छोड़ दिया। आग से हॉल में रखा सामान जल गया। वहीं, वृद्धाश्रम के तीन लेट-बाथरूम में भी तोड़फोड़ की गई। मंगलवार को बेटों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी राम भरोसे शर्मा के मंगलवार को वृद्धाश्रम में नहीं मिलने पर उनके दोनों बेटों ने खिलचीपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उनके मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर पुलिस ने उन्हें जीरापुर के पास से तलाश लिया और पुलिस वाहन से खिलचीपुर वापस लेकर आई। पुराने विवाद के का बदला लेने के लिए वारदात का आरोप राम भरोसे शर्मा ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बाजार में भी कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। उनका आरोप है कि उसी पुराने विवाद के बाद वृद्धाश्रम में आगजनी और तोड़फोड़ की गई। शिकायत मिलने के बाद खिलचीपुर टीआई कमल सिंह गेहलोत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। जले हुए सामान और क्षतिग्रस्त लेट-बाथरूम का निरीक्षण किया। पुलिस ने राम भरोसे के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

