विभिन्न Airlines में नौकरी के नाम पर लाखों ठगने वाली महिला Noida में गिरफ्तार

विभिन्न Airlines में नौकरी के नाम पर लाखों ठगने वाली महिला Noida में गिरफ्तार

नोएडा के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रीति यादव ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की रात सेक्टर-142 के पास से ब्यूटी बोरबोरह नामक महिला को गिरफ्तार किया, जो असम के सोनितपुर जिले की रहने वाली है। डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी और उनसे मोटी रकम वसूलती थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह साइन एजुकेशन नाम से एक कंपनी चलाती है।

इसके माध्यम से वह देश के विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया के अलग-अलग मंचों पर पेज संचालित करती थी। आरोपी ने बताया कि इनके जरिए वह नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से संपर्क करती और उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा देती थी। इसके बाद वह प्रोसेसिंग फीस, इंटरव्यू एवं अन्य औपचारिकताओं के नाम पर लोगों से ऑनलाइन विभिन्न बैंक खातों में पैसे जमा करवाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नोएडा सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले सैकड़ों लोगों से एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गिरफ्तार महिला को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *