गणेश उत्सव के अवसर पर केवलारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बर्रा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम उस समय खास बन गया, जब केवलारी विधायक रजनीश सिंह जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक कलाकार के रूप में मंच पर नजर आए। आदर्श नाट्य कला मंडल बर्रा द्वारा आयोजित पारंपरिक लोकनाट्य ‘भक्त पूरनमल’ के मंचन के दौरान विधायक ने पंजाब केसरी राजा शंखपति की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का वीडियो शनिवार दोपहर को सामने आने के बाद यह प्रसंग चर्चा में है। गांव की मिट्टी से जुड़ा रहा है नाता बताया गया कि ग्राम बर्रा से विधायक रजनीश सिंह का पुराना जुड़ाव रहा है और उनके बचपन की कई यादें इस गांव से जुड़ी हैं। ऐसे में अपने ही गांव और परिचित लोगों के बीच मंच पर अभिनय करना उनके लिए भी विशेष अवसर रहा। पारंपरिक वेशभूषा में राजा शंखपति के किरदार में विधायक को देखकर कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों की निगाहें मंच पर टिक गईं। अभिनय के दौरान उनके संवाद और प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। लोकनाट्य ने बांधा समां ‘भक्त पूरनमल’ उत्तर भारत की पारंपरिक लोकनाट्य परंपरा से जुड़ा लोकप्रिय प्रसंग है, जिसमें धार्मिक आस्था, पारिवारिक संबंधों, संघर्ष और नैतिक मूल्यों को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया जाता है। बर्रा में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने पारंपरिक शैली में इस कथा का मंचन किया। गणेश उत्सव के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी रही। लोककला सिर्फ मनोरंजन नहीं, समाज की पहचान विधायक ने लोककला के महत्व पर बात रखते हुए कहा कि लोककला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज की पहचान, आस्था और ग्रामीण परंपराओं की विरासत भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। ग्रामीण अंचलों में गणेश उत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ लोकनाट्य, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बर्रा में हुआ यह आयोजन भी इसी सांस्कृतिक परंपरा की एक कड़ी रहा। हालांकि इस कार्यक्रम में विधायक का स्वयं मंच पर उतरकर अभिनय करना दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा और आयोजन को यादगार बना दिया। सांस्कृति कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें…

