वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह दुकान के बाहर सो रहे दुकानदारों पर हमलावरों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। हमलावरों ने एक साड़ी कारीगर की पत्थरों से सिर कूंचकर हत्या कर दी। उसके करीबी पड़ोसी पर ईंट पत्थर से हमलाकर हत्या का प्रयास किया। वारदात के बाद हमलावरों ने बचाने आने वालों पर भी ईंट पत्थर चलाए, जिससे सभी भाग गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके पर गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए। वारदात की सूचना पाकर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। लहूलुहान हालत में दोनों को अस्पताल लाया गया। जहां जांच के बाद एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल का इलाज जारी है। एडीसीपी और एसीपी कोतवाली समेत पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हमले के कारणों और हमलावर की पहचान की जांच में जुटी है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार भोर करीब 3 बजे तीन लोगों पर जानलेवा हमला किए जाने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि तीनों लोग अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान हमलावर ने पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हनुमान फाटक निवासी पप्पू विश्वकर्मा (40 वर्ष ) साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था, रात में काम के बाद दुकान के बाहर सोया था। उसके पड़ोसी में पान दुकानदार अशोक चौरसिया और गणेशू कनौजिया भी अपनी-अपनी दुकान के सामने सोए थे। पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूरी पर सोए तीनों लोगों पर अचानक हमलावरों ने हमला बोल दिया। हमले में पप्पू विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। अशोक पासी उर्फ बाबा, जो पान बेचने का काम करते हैं, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीसरे व्यक्ति गणेशु कनौजिया को मामूली चोट आई है। घायलों को उपचार के लिए मंडली अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया, थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अफसरों को अलर्ट मिलते ही एडीसीपी वैभव बांगर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। वहीं दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। भोर के वक्त हुई इस वारदात के बाद पूरे हनुमान फाटक इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बताया गया कि कुछ दिन पहले इन लोगों का किसी से विवाद हुआ था लेकिन विवाद करने वालों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पूरे इलाके में पुलिस तैनात की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


