वर्ल्ड वॉर-2 के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक पीएम रहने वाली बनीं जॉर्जिया मेलोनी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

वर्ल्ड वॉर-2 के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक पीएम रहने वाली बनीं जॉर्जिया मेलोनी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

PM Modi Congratulates Giorgia Meloni:जॉर्जिया मेलोनी द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बन गई हैं। ऐसे में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी। इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह मेलोनी के नेतृत्व में इतालवी जनता के विश्वास को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने की उपलब्धि के लिए मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को बधाई। यह इतालवी जनता के उनके नेतृत्व में विश्वास और भरोसे का प्रमाण है।’ उन्होंने कहा कि भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने में जॉर्जिया मेलोनी की भूमिका अहम रही है। दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में उनकी दोस्ती भी महत्वपूर्ण रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए मेलोनी के साथ मिलकर काम जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने मेलोनी को आगे की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

काफी चर्चित है पीएम मोदी और मेलोनी की दोस्ती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती काफी चर्चित है। दोनों के नाम को मिलाकर इसे अक्सर ‘मेलोडी’ कहा जाता है। जॉर्जिया मेलोनी अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। वह इस पद पर पहुंचने वाली इटली की पहली महिला हैं।

गुरुवार को मेलोनी की सरकार ने लगातार 1,413 दिन पूरे किए। इसके साथ ही उनकी सरकार इटली में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाली सरकार बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के नाम था। उनकी सरकार 2001 से 2005 तक लगातार सत्ता में रही थी।

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में रही राजनीतिक अस्थिरता

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से इटली में राजनीतिक अस्थिरता रही। करीब 80 वर्षों में वहां 68 सरकारें बन चुकी हैं। एक सरकार का औसत कार्यकाल करीब 14 महीने रहा है। ऐसे में जॉर्जिया मेलोनी का लंबे समय तक सत्ता में बने रहना खास माना जा रहा है। मेलोनी की सरकार का लगातार चलना इटली में राजनीतिक स्थिरता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *