भिवानी जिले के लोहारू में शहर के बीचोबीच स्थित देवीलाल चौक पर नेशनल हाईवे-709 की टूटी सड़क राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मंगलवार रात गड्ढे भरने के लिए मोटी रोड़ी डाली गई, जिससे समस्या और बढ़ गई है। यह मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। चौक के आसपास स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बैंक, बस स्टैंड, सरकारी कार्यालय और कोर्ट जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क कई दिनों से जगह-जगह टूटी हुई है और गड्ढों के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है। कई बार वाहन चालक असंतुलित होकर गिर भी चुके हैं। कई बात शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान स्थानीय निवासी प्रदीप सैनी, रवि बॉक्सर, रिंकू कुमार, प्रमोद कुमार और अशोक सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। मंगलवार रात सड़क के गड्ढों को भरने के लिए उनमें मोटी रोड़ी डाली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, रोड़ी के साथ लाल रंग की मिट्टी भी डाली गई, जिससे सड़क का वह हिस्सा दल-दल जैसी स्थिति बनी है। मिट्टी डालने से बनी दल-दल जैसी स्थिति इस दलदल जैसी स्थिति से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा और बढ़ गया है। पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। वाहनों के टायरों के साथ मिट्टी सड़क पर फैल रही है और वाहनों के गुजरने से उड़ती मिट्टी आसपास की दुकानों और राहगीरों के लिए भी समस्या पैदा कर रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उड़ती मिट्टी के कारण दुकानों के बाहर बैठना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि देवीलाल चौक पर सड़क की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द उचित तरीके से मरम्मत कार्य करवाया जाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिल सके तथा किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके। वहीं, मामले को लेकर संबंधित विभाग के साइट इंजीनियर राजेश पांडे से बातचीत कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन कॉल रिसीव नहीं की।

