लोडर की टक्कर से 5 माह की गर्भवती की मौत:स्कूटी से पति के साथ लौट रही थी घर,चालक गाड़ी छोड़ भागा

लोडर की टक्कर से 5 माह की गर्भवती की मौत:स्कूटी से पति के साथ लौट रही थी घर,चालक गाड़ी छोड़ भागा

आगरा के बल्केश्वर में सोमवार को पति के साथ स्कूटी से घर लौट रही 5 महीने की गर्भवती महिला की लोडर की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी को 100 मीटर दूर छोड़कर भाग गया। घटना कमला नगर थाना क्षेत्र के बल्केश्वर की है। दोपहर करीब 2:30 बजे लाल मस्जिद, बल्केश्वर निवासी राहुल यादव अपनी पत्नी नीलम के साथ बाजार से खरीदारी कर घर आ रहे थे। राहुल दूध का व्यवसाय करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संत राम कृष्ण इंटर कॉलेज और आईटीआई के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मैक्स लोडर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीलम उछलकर गाड़ी के नीचे आ गईं, जबकि राहुल दूसरी तरफ गिर गए। हादसे के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। लोगों के शोर मचाने पर वह गाड़ी को करीब 100 मीटर दूर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। नीलम की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। पति राहुल का इलाज चल रहा है।मृतका के भाई मुकुल ने बताया कि नीलम 5 माह की गर्भवती थीं। उनके पीछे तीन मासूम बेटियां रह गईं – 6 साल की दीपांशी, 4 साल की दीक्षा और 2 साल की रिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *