(राजगढ़ से राजेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट)
CM Mohan Yadav Bittu Tabahi meeting: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर का रहने वाला बिट्टू तबाही एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार को वह दिनभर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता रहा। ट्रेंड होने के बाद उसे मुख्यमंत्री ने भी शुक्रवार को मिलने बुलाया। सीएम से बिट्टू तबाही की मुलाकात के बाद ब्यावरा नगर पालिका ने शनिवार सुबह अजनार नदी को सफाई को लेकर अभियान शुरू कर दिया है।
लोगों ने कहा- AI जनरेटेड है इमेज, बाद में फोटो की शेयर
असल में सोशल मीडिया पर नदी की सफाई को लेकर उसके द्वारा डाली गई तस्वीर को किसी ने एआई क्रिएटेड लिख दिया। इसके बाद बिट्टू ने सभी को आईना दिखा दिया। उसकी मेहनत और उसके द्वारा किए गए काम के बाद की तस्वीरें बताई। इसके बाद सभी उसके काम की तारीफ क रहे हैं। उसके काम की सराहना की जा रही है। देश के साथ ही विदेशों में भी उसके वीडियो शेयर किए जा रहे हैं और खूब तारीफें वह बटोर रहा है।
बिट्टू के जज्बे को देख मुख्यमंत्री ने बुलाया
बिट्टू के जज्बे को देखकर और सोशल मीडिया पर ट्रेंड देख मुख्यमंत्री कार्यालय से भी मिलने का न्यौता मिला। शुक्रवार को बिट्टू मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) से मिलने पहुंचा। देर शाम हुई मुलाकात में सीएम यादव ने बिट्टू के काम की सराहना की है। साथ ही हर संभव मदद देने की बात कही है। साथ ही कहा कि बिट्टू की मेहनत बेकार नहीं जाएगी। बिट्टू तबाही से मुलाकात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया।
सीएम-बिट्टू की मुलाकात के बाद ब्यावरा नगर पालिका ने चलाया अभियान
शुक्रवार को सीएम मोहन यादव और बिट्टू तबाही की मुलाकात के बाद शनिवार सुबह ब्यावरा नगर पालिका हरकत में आया। नगर पालिका ने बिट्टू तबाही के सफाई अभियान का समर्थन करते हुए अजनार नदी में जमा पुराने कचरे और पॉलीथीन को जेसीबी और पोकलेन मशीन के माध्यम से साफ किया। इसके अलावा मंदिर के पास अजनार नदी के घाट का भी सौंदर्यीकरण भी कराया।
गंदे नाले सी अजनार को संवारने का उठाया है बीड़ा
बिट्टू बीते कुछ माह से चर्चा में है। शुरुआत ने उसने एक घाट साफ करने के साथ ही यह शुरुआत की थी, इसके बाद सफाई के पूर्व और बाद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं तो वे ट्रेंड करने लगी। उसकी पोस्ट को अप्रेल-2026 में उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी ट्वीट किया था, साथ ही उनके अनुभव साझा किए थे। इसके बाद से ही वह काफी चर्चा में है। बिना दस्ताने और जूतों के नदी में उतने को लेकर भी चर्चा जोरों पर है। कुछ यूजर्स कह रहे हैं कि कूड़ादान बन चुकी नदी की दशा सुधारने में बिट्टू ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।
किसी ने लिखा एआई से बनाई फोटो, तो दिखा दिया आईना
जब किसी ने सोशल मीडिया पर प्रतिकि्रया दी कि यह फोटो एआई जनरेटेड है तो उसने आईना दिखाते हुए पुरानी तस्वीरें साझा की, उसने बताया कि किस तरह से नदी गंदी थी और कैसे उसे संवारा गया है। 20 साल के बिट्टू की फोटो, वीडियो नेशनल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी हैं। जिससे एक बार फिर वह ट्रेंड कर गया। एक यूजर ने उसके हाथों के इन्फेक्शन का भी जिक्र किया है, जिसमें लिखा है कि गंदे पानी के कारण उसके हाथ भी खराब होने लगे लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। हालांकि अब किसी ने उसके लिए जूते दिए, किसी ने ग्लब्स तो किसी ने फावड़ा और दूसरे सफाई के औजार उपलब्ध कराए हैं।
पत्रिका अभियान का हिस्सा बना था बिट्टू
इसी नदी को संवारने के लिए पत्रिका ने अभियान शुरू किया था। जिसके तहत सामाजिक संस्थाओं को जोड़ा गया था, लोगों के माध्यम से सफाई अभियान चलवाया था। साथ ही नगर पालिका और प्रशासन के माध्यम से भी अभियान चलवाया था। इस दौरान बिट्टू तबाही भी उक्त अभियान का हिस्सा बना था। नदी को संवारने में उसने काफी अहम भागीदारी निभाई है।

