Indore News : मध्य प्रदेश में चंद रुपयों के लालच में युवा लगातार अपराध के रास्ते पर निकलते जा रहे हैं। बात करें आर्थिक शहर इंदौर की तो यहां अवैध ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की रोकथाम के लिए इंदौर क्राइम ब्रांच लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी का गोरखधंधा चलाने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है।
मामले को लेकर इंदौर क्राइम ब्रांच का कहना है कि, पुलिस टीम के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान कुलदीप धनावत और महावीर हर्षवाल के रूप में की गई है। पकड़े गए दोनों ही आरोपी क्रेटाबेट, पब्लो-247 और लोचस-265 जैसे ऑनलाइन एक्सचेंज और प्लेटफॉर्म से जुड़ी आईडी बनाकर अवैध गेमिंग और सट्टेबाजी की गतिविधियों में संलिप्त थे।
म्यूल खातों का भी कर रहे थे इस्तेमाल
वहीं, मामले में एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया का कहना है कि, आरोपी सट्टेबाजी से मिलने वाली अवैध राशि को अलग अलग म्यूल बैंक खातों (दूसरों के नाम पर खोले गए फर्जी/किराए के बैंक खाते) में मंगवाया करते थे। फिलहाल, गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 8 महंगे मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप और अलग – अलग बैंकों के 8 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक सामान की तकनीकी जांच में जुटी क्राइम ब्रांच
गिरफ्तारी के बाद जब्त किए गए सामान और जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट 1976 की धारा 4(ए), दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 112(1) और आईटी एक्ट 2000 की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी है। वहीं, क्राइम ब्रांच की टीम जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान की तकनीकी जांच में भी जुटी हुई है, ताकि ऑनलाइन गेमिंग आईडी, बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य सहयोगियों का पता चल सके।

