लुधियाना के समराला चौक पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक 10 टायरी भारी-भरकम ट्रक ने सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला के दोनों पैर ट्रक के टायर के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गए। गंभीर हालत में उन्हें क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। ऑटो पकड़ने के लिए सड़क पार कर रही थी महिला प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुजुर्ग महिला चंडीगढ़ रोड की तरफ से आ रही थी। वह जगीरपुर जाने के लिए समराला चौक के दूसरी तरफ ऑटो स्टैंड की ओर जा रही थी। इसके लिए वह जैसे ही सड़क पार करने लगी तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मोगा से हरियाणा जा रहा था ट्रक बताया जा रहा है कि 10 टायरी ट्रक मोगा की तरफ से आ रहा था और उसे हरियाणा जाना था। समराला चौक पर ट्रक जैसे ही चंडीगढ़ रोड की तरफ मुड़ने लगा सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला ट्रक की कंडक्टर साइड वाले हिस्से की चपेट में आ गई। महिला सीधे फ्रंट टायर के नीचे आ गिरी और ट्रक का पहिया उनके दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग,सिविल से CMC किया गया रेफर हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। महिला के दोनों पैर बुरी तरह टूट चुके थे और काफी खून बह रहा था। राहगीरों ने तुरंत महिला को उठाया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। चोटें ज्यादा होने और हालत बेहद नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत सीएमसी (CMC) अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल बुजुर्ग महिला का सीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे खंगाल रहे हैं ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है ।

