लुधियाना में रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद मां और साढ़े 3 साल के बेटे के साथ घर लौट रहे युवक पर करीब 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। ये लोग इनोवा कार में सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर 5 से 6 गोलियां चलाईं। इस दौरान कार में भी गोलियां लगीं। हमलावरों ने युवक के सिर पर दातर से वार कर उसके बाल काट दिए और पिस्तौल के बट से भी हमला किया। युवक ने किसी तरह कार भगाकर अपनी, मां और बेटे की जान बचाई और सिविल अस्पताल पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि वह कांग्रेस पार्टी से जुड़ा था। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई। पीड़ित का आरोप है कि करीब एक साल पहले भी इन्हीं हमलावरों ने उसके घर पर आकर हमला किया था और गोलियां चलाई थीं। पानी की बोतल लेने उतरा था युवक, तभी पीछे से आए हमलावर पीड़ित जगजोत सिंह ने बताया कि वह अपनी मां मनजीत कौर और साढ़े 3 साल के बेटे के साथ ढोल्लेवाल इलाके में मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। तीनों कार में ही बैठकर खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद वह बेटे के लिए पानी की बोतल लेने और पैसे देने के लिए कार से नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से 7 से 8 युवक भागते हुए आए और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। जगजोत के मुताबिक, हमलावरों ने पहले उस पर दो गोलियां चलाई, लेकिन वह बच गया। इसके बाद वह भागकर कार में बैठ गया। आरोप है कि हमलावरों ने कार की खिड़की के पास आकर भी फायरिंग की और गाड़ी के अंदर दो गोलियां चलाईं। उस समय उसकी मां और छोटा बेटा भी कार में मौजूद थे। दस्तार के ऊपर से दातर से किया हमला, सिर पर मारे वार जगजोत ने आरोप लगाया कि जब उसने कार भगाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसकी दस्तार के ऊपर से दातर से वार किए। उसके सिर पर भी कई वार किए गए। हमलावरों ने पिस्तौल के बट से भी उसके सिर पर चोटें मारीं। पीड़ित का दावा है कि हमलावरों ने उसके सिर में दातर फंसाकर उसके बाल काट दिए। उसने बताया कि वह अमृतधारी है। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। लात और आंख के पास भी गोली के छर्रे लगने की बात उसने कही। उसकी लात में कितनी गंभीर चोट है, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। इसके बाद वह किसी तरह कार लेकर सीधे सिविल अस्पताल पहुंचा। पीड़ित के अनुसार, कार के अंदर भी गोलियों के निशान हैं और गाड़ी में .45 बोर का एक खाली खोल गिरा हुआ था। एक साल पहले घर पर भी किया था हमला जगजोत सिंह ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले युवकों को वह पहले से जानता है। करीब एक साल पहले भी इन्हीं लोगों ने उसके घर पर आकर हमला किया था और उस पर गोलियां चलाई थीं। पीड़ित ने इस घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश होने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ था, लेकिन अब किसी भी पार्टी के साथ नहीं है। उसके मुताबिक, हमलावर किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं और चुनावी रंजिश के कारण उनके साथ उसकी दुश्मनी है। जगजोत मिल्लरगंज का रहने वाला है, जबकि उसने हमलावरों के जनता नगर इलाके से संबंधित होने का दावा किया है। पीड़ित ने बताया कि वह प्रॉपर्टी का काम करता है और एक एनजीओ भी चलाता है। उसने हमलावरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें उससे दुश्मनी थी तो कम से कम यह देखना चाहिए था कि उसके साथ उसकी मां और छोटा बच्चा भी मौजूद थे। मां बोली- बेटे को बचाने के लिए हमलावरों के सामने आई जगजोत की मां मनजीत कौर ने बताया कि खाना खाने के बाद उनका बेटा पैसे देने और पानी की बोतल लेने के लिए कार से नीचे उतरा था। इसी दौरान उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बेटा भागता हुआ कार की तरफ आ रहा था और पीछे से गोलियां चलने की आवाजें आ रही थीं। मनजीत कौर के मुताबिक, जैसे ही उनका बेटा कार में बैठा, हमलावर खिड़की के पास आकर गोलियां चलाने लगे। उन्होंने बेटे को बचाने के लिए खुद हमलावरों के सामने आने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी चोट पहुंचाई। उनके चेहरे पर चोट आई है। कार के अंदर भी गोलियों के निशान दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को दी सूचना, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति घटना के बाद संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है। पीड़ित ने हमलावरों की पहचान होने और पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, हमलावर स्कॉर्पियो और एक अन्य गाड़ी में सवार होकर आए थे।

