लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में उस समय हड़कंप मच गया जब डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज को एक ईमेल के जरिए कोर्ट परिसर में बम धमाके की धमकी मिली। यह धमकी ऐसे समय में मिली है जब शनिवार को कोर्ट में राष्ट्रीय लोक अदालत लगी हुई है। खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया है। मौके पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता पहुंच गया है और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। खालिस्तानी संगठनों ने ली जिम्मेदारी जानकारी के अनुसार डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर 12 सितंबर को deniseseward01@gmail.com से एक ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) से जुड़ा हुआ बताया है। ईमेल में दोपहर 1:11 बजे धमाका करने की बात कही गई है। इन जगहों को भी उड़ाने की धमकी इस धमकी भरे ईमेल में सिर्फ लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और लोक अदालत ही नहीं, बल्कि मोहाली-हलवारा एयरपोर्ट पर भी हिंसक हमले की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कुछ राजनीतिक नेताओं को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के तुरंत बाद लुधियाना के डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी। उन्होंने तुरंत जजों, कोर्ट स्टाफ वकीलों और वहां मौजूद आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बिल्डिंग की सुरक्षा के लिए भी कड़े कदम उठाने को कहा गया है।

