लुधियाना में स्नैचिंग और लूटपाट की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला शहर के पॉश इलाके दुगरी से सामने आया है जहां बेखौफ लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया। दुगरी के प्रीत नगर की गली नंबर 2 में एक अज्ञात युवक ने सरेआम महिला के कानों से बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं महिला जानकारी के अनुसार यह घटना 12 अगस्त शाम करीब 5 बजे की है। बुजुर्ग महिला घर से बच्चों को ट्यूशन छोड़ने के लिए पैदल ही निकली थीं। जब वह गली नंबर 2 से गुजर रही थीं, तभी पीछे से घात लगाए एक युवक आया और उसने अचानक झपट्टा मारकर महिला के कान की बालियां नोच लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा। CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात इस वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि बुजुर्ग महिला गली से गुजर रही हैं और उनके आगे दो बच्चे खेलते हुए जा रहे हैं। इसी दौरान पीछे से एक युवक आता है जिसने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर रुमाल बांधा हुआ है। वह बेहद शातिराना अंदाज में महिला के बिल्कुल पीछे आता है और पलक झपकते ही बालियां झपट कर वहां से नौ दो ग्यारह हो जाता है। परिजनों का आरोप- पुलिस के हाथ खाली घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने इलाके की पुलिस को सूचित किया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने थाने में पुलिस कंप्लेंट भी दर्ज करवा दी है। हालांकि परिवार ने पुलिस पर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत दर्ज होने और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस की तरफ से अब तक कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया है और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। फिलहाल, इलाके के लोगों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और स्नैचरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।


