पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस-प्रयागराज रेल खंड पर चलने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों के पेंट्रीकार में काम करने वाले वेंडरों पर यात्रियों से बदसलूकी और विवाद करने के आरोप लग रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि ओवररेटिंग या सामान की गुणवत्ता को लेकर सवाल करने पर कई बार वेंडर बहस और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। ऐसी घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोप हैं। ट्रेन संख्या 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस के पेंट्रीकार से जुड़े वेंडरों को लेकर भी यात्रियों में नाराजगी है। यात्रियों का आरोप है कि नशे में धुत कुछ वेंडर मनमानी करते हैं और शिकायत करने पर अभद्रता पर उतर आते हैं। उनका कहना है कि पेंट्रीकार संचालक और प्रबंधक की कथित मिलीभगत के कारण ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लग पा रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक वेंडर पानी की बोतल के पैसे को लेकर यात्री से विवाद करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि वेंडर यात्री को जबरन पेंट्रीकार की ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और पेंट्रीकार वेंडरों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शराब के नशे में पुलिसकर्मियों से भी उलझा था वेंडर जून महीने में भी एक यात्री की शिकायत पर जीआरपी ज्ञानपुर रोड चौकी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। शिकायत मिलने के बाद चौकी प्रभारी आनंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने संबंधित वेंडर को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह पुलिसकर्मियों से भी बदसलूकी करने लगा। पुलिस की जांच में वेंडर के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद जीआरपी ने उसे गिरफ्तार किया था। यह मामला सामने आने के बाद ट्रेन के पेंट्रीकार में काम करने वाले कर्मचारियों की निगरानी और यात्रियों से उनके व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हुए थे। शिकायतों और वायरल वीडियो के बावजूद कार्रवाई पर सवाल यात्रियों का कहना है कि पेंट्रीकार में ओवररेटिंग और खराब गुणवत्ता के सामान को लेकर सवाल उठाने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। कई बार वेंडरों की मनमानी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। इसके बावजूद शिकायतों और वायरल वीडियो के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से वेंडरों का हौसला बढ़ने का आरोप लगाया जा रहा है। यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन में सफर करने वाले लोगों के लिए पेंट्रीकार एक जरूरी सुविधा है, लेकिन वहां काम करने वाले कर्मचारियों का व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यात्रियों का कहना है कि यदि किसी वेंडर के खिलाफ शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दूसरे यात्रियों के साथ ऐसी घटनाएं न हों। जीआरपी ने यात्रियों से तत्काल सूचना देने की अपील की जीआरपी चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। यात्रियों से अपील की गई है कि ट्रेन में किसी भी तरह की गड़बड़ी, विवाद या असुविधा होने पर तत्काल जीआरपी को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, यात्रियों की शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना को लेकर भी पेंट्रीकार वेंडरों के व्यवहार और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल एक बार फिर सामने आए हैं।

