लखीमपुर खीरी में लगातार बारिश के बीच हाईवे-730 पर गोला रेलवे क्रॉसिंग के पास नवनिर्मित ओवरब्रिज की सड़क अचानक धंस गई। शनिवार रात सड़क का एक हिस्सा धंसने से वहां गहरा गड्ढा बन गया। करीब छह माह पहले तैयार हुए ओवरब्रिज की सड़क धंसने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। रात के समय व्यस्त मार्ग पर सड़क धंसने से हादसे का खतरा बढ़ गया। गड्ढा देखकर राहगीरों ने सूझबूझ दिखाई और एक डंडे पर लाल टी-शर्ट बांधकर उसे गड्ढे के पास खड़ा कर दिया। इससे अंधेरे में आने वाले वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का संकेत मिल गया और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर यातायात संभाला सूचना मिलते ही गोला के प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराकर यातायात को नियंत्रित किया, ताकि कोई वाहन दुर्घटना का शिकार न हो। वहीं, कार्यदायी संस्था ने नगर पालिका से जेसीबी मंगवाकर रात में ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया। छह महीने में सड़क धंसने पर उठे सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि महज छह महीने में नवनिर्मित ओवरब्रिज की सड़क का धंस जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कराने और सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के साथ काम की गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग की है।

