लखीमपुर खीरी की उफनती नदियों में घड़ियाल और मगरमच्छों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। तिकुनिया इलाके के सूरत नगर गांव के पास मोहाना नदी की तेज धार में एक विशाल घड़ियाल तैरता दिखा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मोहाना नदी में इन दिनों तेज कटान हो रहा है। इसी दौरान ग्रामीणों ने नदी की तेज धारा में एक बड़े घड़ियाल को तैरते देखा। यह घड़ियाल काफी देर तक पानी में रहा, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए। जौरहा पुल पर दो मगरमच्छ भी दिखे इसी तरह, निघासन वन रेंज के जौरहा पुल के पास भी दो मगरमच्छ एक साथ नदी में तैरते हुए दिखाई दिए। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुल के पास मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इन मगरमच्छों का वीडियो भी बनाया गया है, जो अब चर्चा का विषय है। जौरहा नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में नदी में इन जंगली जीवों की उपस्थिति ने ग्रामीणों की चिंता को और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों से नदी के किनारे न जाने की अपील घटना की सूचना मिलने पर उत्तर निघासन वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से नदी के किनारे न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते जलस्तर और जंगली जीवों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। रेंजर सिंह ने यह भी सलाह दी कि किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचित करें। वन विभाग ने ग्रामीणों से नदी में प्रवेश करने से बचने और नदी किनारे अत्यधिक सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।

