लखीमपुर-खीरी में दो लोगों को स्वाइन फ्लू:वायरल फीवर के भी बढ़े मरीज, जिला अस्पताल में एक दिन में 945 नए पर्चे बने

लखीमपुर-खीरी में दो लोगों को स्वाइन फ्लू:वायरल फीवर के भी बढ़े मरीज, जिला अस्पताल में एक दिन में 945 नए पर्चे बने

लखीमपुर खीरी जिले में स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों संक्रमितों का उपचार लखनऊ में चल रहा है। बारिश और मौसम में बदलाव के कारण जिला अस्पताल व सीएचसी की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। मंगलवार को जिला अस्पताल में 945 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। जिला अस्पताल की एमसीएच विंग में संदिग्ध मरीजों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। फ्लू काउंटर भी शुरू किया गया है। स्वाइन फ्लू के नोडल प्रभारी डॉ. अंशुल गुप्ता ने बताया कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है। लोगों को भीड़ से बचने, जरूरत पर मास्क लगाने और खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने की सलाह दी गई है। डॉ. गुप्ता के अनुसार उनकी ओपीडी में रोज 120 से 140 मरीज पहुंच रहे हैं। अधिकांश में वायरल संक्रमण जैसे लक्षण मिल रहे हैं। मरीजों को आराम, पर्याप्त तरल पदार्थ और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी जा रही है। सीएचसी में भी बढ़े मरीज फरधान: करीब 400 मरीज रोज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज अधिक हैं। इंफ्लूएंजा संबंधी मरीजों के लिए छह बेड आरक्षित किए गए हैं। पसगवां: रोज 800 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। करीब 150 मरीज वायरल, सर्दी, खांसी और जुकाम से पीड़ित हैं। पांच बेड का अलग वार्ड और फीवर हेल्प डेस्क बनाया गया है। मोहम्मदी: सोमवार को 600 और मंगलवार को 610 मरीज पहुंचे। मंगलवार को 123 बुखार और 30 खांसी के मरीज मिले। खमरिया: सोमवार को 700 और मंगलवार को 340 मरीज पहुंचे। मंगलवार को करीब 30 प्रतिशत मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम या वायरल बुखार से पीड़ित रहे। बिजुआ: मंगलवार को 320 मरीजों में 80 बुखार से पीड़ित मिले। निघासन: मंगलवार को 445 मरीज पहुंचे। रोज औसतन 400-500 मरीज आ रहे हैं। स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए अलग वार्ड तैयार किया गया है। फूलबेहड़: दो दिनों में 1100 मरीज पहुंचे, जिनमें 125 खांसी-जुकाम से पीड़ित रहे। हेल्प डेस्क और अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। गोला गोकर्णनाथ: मंगलवार को 424 मरीजों की ओपीडी हुई, जिनमें 161 वायरल फीवर से पीड़ित मिले। पलिया कलां: तीन दिनों में 1480 मरीज पहुंचे। फीवर हेल्प डेस्क और सात आरक्षित बेड की व्यवस्था की गई है। मितौली: तीन दिनों में 1686 मरीजों के पर्चे बने। इनमें 225 मरीज बुखार, जुकाम या खांसी से पीड़ित मिले। लक्षणों को नजरअंदाज न करें सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। चिकित्सकों और सीएचओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से हाथों की स्वच्छता रखने, खांसी-छींकते समय सावधानी बरतने और बीमार व्यक्ति के संपर्क से बचने की अपील की। बुखार, सांस लेने में परेशानी, कमजोरी या लगातार खांसी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने और बिना परामर्श दवा न लेने को कहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *