उत्तर प्रदेश में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का धरना 24वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों के समाधान की उम्मीद में सीएचओ ने जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सीएचओ नियमितीकरण, कैडर गठन, वेतन विसंगतियों के समाधान, स्थानांतरण नीति और कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित विभिन्न सेवा लाभों की मांग कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि उनकी मांगें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की गाइडलाइन के अनुरूप हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ है। 24 दिनों से जारी आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर संगठन ने अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया है। सीएचओ को अब सरकार की ओर से सकारात्मक पहल और ठोस निर्णय का इंतजार है। संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

