लखनऊ के चिनहट स्थित कंचनपुर मटियारी के शहीद भगत सिंह प्रथम वार्ड-13 में शिवभक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। यहाँ स्थानीय पार्षद योगिता यादव और भाजपा लखनऊ के जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव के नेतृत्व में भव्य रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ कमाया। दिग्गजों ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक इस खास आयोजन में राजनीतिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में बीकेटी (बख्शी का तालाब) के विधायक योगेश शुक्ला, पूर्व सांसद कौशल किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्या और एमएलसी अनूप गुप्ता समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता बतौर अतिथि शामिल हुए। सभी अतिथियों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की। सामाजिक सौहार्द और एकजुटता का दिया संदेश रुद्राभिषेक का अनुष्ठान संपन्न होने के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। आयोजक पार्षद योगिता यादव और अरविंद यादव ने बताया कि इस धार्मिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न केवल आध्यात्मिक शांति प्राप्त करना है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत बनाना है।

