लखनऊ के निगोहां में सामाजिक और राजनीतिक मुख्यधारा में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के उद्देश्य से निगोहां के दुन्दपुर रोड, भगवानपुर में पसमांदा मुस्लिम समाज के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य संदेश रहा “समान हक, समान अवसर, मजबूत समाज” और “शिक्षित पसमांदा, सशक्त पसमांदा, मजबूत भारत”। इस आयोजन में लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ और बहराइच समेत कई जिलों से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मंच से पसमांदा तबके के अधिकारों और हिस्सेदारी की पुरजोर आवाज उठाई गई। वक्ताओं ने सवाल उठाया कि 80 फीसदी से अधिक आबादी होने के बावजूद पसमांदा समाज को अब तक उसका वाजिब हक, सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। सबीहा सुल्ताना, शेख सलाहुद्दीन, ताहिर मंसूरी, शहजाद कुरैशी, मो. आफाक और सना परवीन ने एक स्वर में शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय को अपना बुनियादी अधिकार बताते हुए एकजुटता का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सपा के राष्ट्रीय सचिव व यूपी के पूर्व मंत्री अनीस मंसूरी ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से खुद को मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक धार दें और घर-घर जाकर लोगों को अधिकारों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वसीम राईनी ने की, जबकि सफल संचालन का जिम्मा मंडल मीडिया प्रभारी मो. आरिफ मंसूरी और जिला मंडल मीडिया प्रभारी मो. इश्तियाक (शेर खान) ने संभाला। मंच पर विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश महामंत्री शेख सलाहुद्दीन, प्रदेश सचिव अबू बकर इदरीसी, समाजसेवी शहजाद कुरैशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सबीहा सुल्ताना, राष्ट्रीय संगठन मंत्री हसनैन मंसूरी, प्रदेश महामंत्री मो. ताहिर मंसूरी, रायबरेली जिलाध्यक्ष मो. इसराईल, मो. तारिक अंसारी और बहराइच से साहिर मंसूरी मौजूद रहे। साथ ही सुरेन्द्र शुक्ला, पूर्व प्रधान निशू मिश्रा, अब्दुल्लाह, मो. इब्राहिम, मो. ताहिर, मेराज, इमरान, इरफान, सलमान, असगर अली इदरीसी, हयात मंसूरी, शमीम और शकील समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

