स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को लखनऊ में देशभक्ति का रंग नजर आया। भाजपा लखनऊ महानगर की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शहर के सभी 25 मंडलों और अलग-अलग वार्डों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की टोलियां सड़कों पर निकलीं। इस दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।
इटौंजा में रत्नेश्वर महादेव मंदिर, बड़ा शिवाला से तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह और विधायक योगेश शुक्ला शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया।
डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी यह बताती है कि राष्ट्र प्रथम की भावना लोगों में मजबूत हुई है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई कर किया नमन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर्फ तिरंगा यात्रा ही नहीं निकाली, बल्कि शहर के अलग-अलग इलाकों में शहीदों की प्रतिमाओं और स्मारक स्थलों की सफाई भी की।
गोमती नगर के कैप्टन मनोज पांडेय चौक पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद कैप्टन मनोज पांडेय की प्रतिमा की सफाई और धुलाई की। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के मंडल-3 स्थित मुरली नगर पार्क में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने अमर शहीद शौर्य चक्र विजेता मेजर अंशु सक्सेना की प्रतिमा स्थल पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
वार्डों में भी निकली यात्राएं
भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड और लाला लाजपत नगर वार्ड में पार्षद कार्यालय से तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल और सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति विवेक सिंह तोमर शामिल हुए।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत महानगर के सभी मंडलों और वार्डों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना को मजबूत करना है।


