लंदन की ओल्ड बेली कोर्ट ने अपनी 39 वर्षीय प्रेमिका की चाकू घोंपकर हत्या करने के जुर्म में पंजाब मूल के 24 वर्षीय युवक दीपक संधू को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट के फैसले के अनुसार, उसे कम से कम 28 साल जेल में बिताने होंगे। दीपक संधू साउथेम्प्टन का रहने वाला है, जिसने दिसंबर 2025 में अपनी पूर्व प्रेमिका शियाओकिंग के का बेरहमी से कत्ल कर दिया था। हत्या करने के बाद आरोपी भारत भागने की फिराक में था, लेकिन एयरपोर्ट जाने के दौरान लंदन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को लड़की का मिला था शव यह दुखद घटना अर्ल्स कोर्ट के ओल्ड ब्रॉम्पटन रोड पर घटी। 10 दिसंबर को सुरक्षा से जुड़ी एक चिंता के बाद जब पुलिस शियाओकिंग के घर पहुंची, तो वहां उसका शव पड़ा मिला। शियाओकिंग के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन, कपड़े व अन्य सबूत जुटाए। जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। शियाओकिंग और दीपक के बीच कुछ समय तक अफेयर चला था, लेकिन संधू ने शियाओकिंग से झूठ बोलकर उसके पैसे चुरा लिए थे। इस वजह से शियाओकिंग ने उससे रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया। ब्रेक-अप के बाद संधू शियाओकिंग को लेकर बेहद जुनूनी हो गया था और लगातार उस पर कंट्रोल बनाने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी ने घर में घुसकर किया हमला रिश्ता टूटने से नाराज संधू बदला लेने पर उतारू हो गया था। हमले से कुछ दिन पहले उसने अपने एक दोस्त को मैसेज में लिखा था कि वह “शैतान बन जाएगा”। 9 दिसंबर 2025 को वह शियाओकिंग से मिलने के बहाने साउथेम्प्टन से लंदन आया। उसने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की और घर में घुसकर शियाओकिंग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
लंदन पुलिस ने आरोपी को पकड़ा हत्या के बाद संधू पकड़े जाने से बचने के लिए देश छोड़ने की योजना बनाने लगा। उसने मुंबई के लिए फ्लाइट बुक की और अपने परिवार से झूठ बोला कि किसी और ने शियाओकिंग को मारा है। हालांकि, पुलिस ने फॉरेंसिक जांच में घटनास्थल से मिले खून के नमूनों का मिलान संधू से किया, जिससे उसका जुर्म साबित हो गया। 12 दिसंबर को जब संधू एयरपोर्ट जाने वाली बस में सवार था, तब लंदन पुलिस ने उसे धर दबोचा।

