रेवाड़ी रेलवे स्टेशन परिसर की दीवार तोड़कर अवैध सीवर कनेक्शन जोड़ने और होटल का गंदा पानी डालने के आरोप में रेलवे ने चार लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस नंद किशोर, हेमंत सैनी , कमल और राम सिंह को दिया गया है। जिन लोगों को रेलवे के सीनियर सेक्सशन इंजीनियर की ओर से नोटिस जारी किया गया है, उनमें राम सिंह जन स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी है, जबकि नंद किशोर स्वीट्स शॉप और हेमंत सैनी भटूरे की दुकान चलाते हैं। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि रेवाड़ी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगाए गए अवैध सीवर कनेक्शन को तुरंत हटाए और बंद किया जाए। डीआरएम से की गई थी शिकायत बता दें कि एक व्यक्ति ने रेलवे के जयपुर मंडल के डीआरएम को पत्र लिखकर शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रेलवे की दीवार तोड़कर अवैध सीवर लाइन डाली गई है और होटल का गंदा पानी इसमें डाला जा रहा है। इससे रेलवे परिसर में दुर्गंध फैल रही है। शिकायतकर्ता ने स्टेशन अधीक्षक को भी कई बार लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में होटल मालिकों और जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए थे। होटल की गंदगी नाले में जाने से पूरे रेलवे परिसर में बदबू की समस्या बनी हुई है। रेलवे प्रशासन ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अवैध कनेक्शन तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। नोटिस के बाद अवैध कनेक्शन को बंद करने की प्रकिया शुरू कर दी।

