जिला बार एसोसिएशन रेवाड़ी की वार्षिक चुनाव प्रक्रिया के बाद बुधवार को नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। जिला बार रूम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जी.एस. वथवा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार छह पदों के लिए 15 प्रत्याशी मैदान में थे, जबकि कुल 2,183 अधिवक्ता मतदाता थे। 11 सितंबर को तीन बूथों पर मतदान कराया गया था। प्रधान पद पर सौरभ राव ने निवर्तमान प्रधान विश्वामित्र यादव को 407 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। सौरभ राव को 1,140 वोट, विश्वामित्र यादव को 733 वोट और प्रेमपाल सिंह को 37 वोट मिले। प्रधान पद के चुनाव में सौरभ राव ने तीनों बूथों पर बढ़त बनाए रखी। बूथवार परिणाम में उन्हें क्रमश: 402, 383 और 355 वोट मिले। वहीं विश्वामित्र यादव को तीनों बूथों पर क्रमश: 244, 237 और 252 वोट प्राप्त हुए। अरुण यादव व भागेश बने उपप्रधान पद उपप्रधान (सामान्य) पद पर अरुण यादव निर्वाचित हुए। उन्हें 887 वोट मिले, जबकि भूपेंद्र को 800 और भूपेंद्र शर्मा को 223 वोट मिले। अरुण यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 87 वोटों से हराया। उपप्रधान (महिला आरक्षित) पद पर भागेश ने जीत दर्ज की। उन्हें 1,037 वोट मिले, जबकि कल्याणी को 873 वोट प्राप्त हुए। भागेश ने 164 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। सचिव पद पर विशाल यादव, सहसचिव नीरू यादव विजयी सचिव पद पर विशाल यादव ने जीत दर्ज की। उन्हें 994 वोट मिले, जबकि मुकेश रंगा को 916 वोट प्राप्त हुए। विशाल यादव ने 78 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। सहसचिव पद पर नीरू यादव विजयी रहीं। उन्हें 1,191 वोट मिले, जबकि मीनाक्षी को 719 वोट प्राप्त हुए। नीरू यादव ने 472 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर महेश निर्वाचित हुए। उन्हें 850 वोट मिले, जबकि सन्नी को 643 और पार्थ सिंह को 377 वोट मिले। महेश ने 207 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। नवनिर्वाचित टीम ने ली शपथ बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधान सौरभ राव, उपप्रधान (सामान्य) अरुण यादव, उपप्रधान (महिला आरक्षित) भागेश, सचिव विशाल यादव, सहसचिव नीरू यादव और कोषाध्यक्ष महेश ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जिला बार एसोसिएशन के निर्वाचन अधिकारियों अश्वनी तिवारी, चौधरी चरण सिंह, शमशेर सिंह यादव और रमेश यादव ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही नई कार्यकारिणी ने बार एसोसिएशन का कामकाज संभाल लिया। समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेणु सोलखे भी उपस्थित रहीं। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और नई टीम से बार के हितों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की उम्मीद जताई। बार-बेंच के रिश्ते मजबूत करने पर जोर नवनिर्वाचित प्रधान सौरभ राव ने बार एसोसिएशन को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी कार्यकारिणी बार और बेंच के बीच संबंधों को और अधिक मधुर एवं मजबूत बनाए रखने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं और उनके हितों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा पूरी टीम वकीलों के सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। वहीं, जिला एवं सत्र न्यायाधीश जीएस वथवा ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे के साथ काम करने की बात कही।

