‘राहुल गांधी खुद नहीं जीत पाते, तुम्हें क्या जिताएंगे’, रिया अहीर के ‘अंकल’ कहने पर भड़के शहजाद पूनावाला

‘राहुल गांधी खुद नहीं जीत पाते, तुम्हें क्या जिताएंगे’, रिया अहीर के ‘अंकल’ कहने पर भड़के शहजाद पूनावाला

Riya Ahir vs Shehzad Poonawalla: मॉडल रिया अहीर का ‘बिग बॉस 20’ में बतौर कंटेस्टेंट शामिल होने का सपना भले ही पूरा नहीं हो पाया, लेकिन शो में एंट्री से पहले ही वो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई हैं। रिया और पूर्व बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस अब काफी तीखी हो गई है। दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चल रहा है और इस विवाद में राजनीति का रंग भी दिखाई देने लगा है।

बिग बॉस की एंट्री बनी विवाद की वजह

रिया अहीर बिग बॉस 20 में जनता के वोट के जरिए जगह बनाने की दौड़ में शामिल थीं। उनका मुकाबला पंजाबी अभिनेत्री लव गिल से था, लेकिन वोटिंग में लव गिल को जीत मिली और रिया शो के घर में प्रवेश नहीं कर सकीं।

इसी मुद्दे को लेकर शहजाद पूनावाला ने एक सोशल मीडिया वीडियो में रिया पर टिप्पणी की। पूनावाला ने उनके उस वायरल वीडियो और तस्वीर का भी जिक्र किया, जिसमें उन्हें Gen Z विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस वाहन को रोकते हुए देखा गया था। उन्होंने दावा किया कि रिया को कुछ राजनीतिक लोगों और सोशल मीडिया समूहों का समर्थन मिला था।

शहजाद पूनावाल ने रिया पर किया हमला

पूनावाला ने ये भी सवाल उठाया कि किसी तस्वीर या सोशल मीडिया गतिविधि को वायरल करवाना और जनता के वोट से किसी लोकप्रिय शो में जगह हासिल करना दो अलग-अलग चीजें हैं। उन्होंने रिया की तुलना लव गिल से करते हुए दोनों की सार्वजनिक छवि को लेकर भी टिप्पणी की।

रिया ने ‘अंकल’ कहकर दिया जवाब

पूनावाला की टिप्पणी के बाद रिया अहीर ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया। उन्होंने उन्हें ‘पूनावाला अंकल’ कहकर संबोधित किया और आरोप लगाया कि वह कम उम्र की महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। रिया ने अपने ऊपर लगाए गए राजनीतिक संबंधों और भारतीय सेना का सम्मान नहीं करने जैसे आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई उनके देश या सेना के प्रति सम्मान पर सवाल उठाता है तो उसे अपने दावे के समर्थन में प्रमाण देना चाहिए।

रिया ने अपने सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए कुछ वीडियो भी साझा किए और कहा कि वह जरूरतमंद लोगों की मदद करती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिग बॉस मनोरंजन का मंच है और इसे राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी का नाम लेकर किया पलटवार

विवाद यहीं नहीं रुका। रिया के जवाब के बाद पूनावाला ने फिर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने उनकी बिग बॉस में एंट्री न हो पाने पर तंज कसा और इसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम भी ले आए। पूनावाला ने रिया से कहा कि जब राहुल गांधी खुद चुनाव जीतने में सफल नहीं होते तो वह रिया को कैसे जितवा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मूल वीडियो मुख्य रूप से पत्रकार अरफा खानम शेरवानी को लेकर था और रिया उसमें केवल एक संदर्भ के तौर पर शामिल थीं।

दोनों के बीच हुई इस सार्वजनिक बहस ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। ‘बिग बॉस 20’ में प्रवेश न कर पाने के बाद शुरू हुआ विवाद अब उम्र, राजनीति, सोशल मीडिया प्रभाव और कथित राजनीतिक समर्थन जैसे मुद्दों तक पहुंच चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *