कोरबा में भाजपा ने रविवार को 15 अगस्त के अवसर पर राष्ट्रीय गीत के सम्मान के विपरीत आचरण किए जाने के आरोप में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रभावना और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता टीपी नगर चौक पर जुटे। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए गए। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहा। कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर गाया वंदे मातरम् भाजपा कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर जोर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। देवांगन बोले- राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान जरूरी उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान देश की अस्मिता और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से कथित रूप से की गई असम्मानजनक गतिविधि स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन राजनीतिक द्वेष के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रसम्मान और राष्ट्रीय गौरव की रक्षा के संकल्प के रूप में किया गया। गोपाल मोदी ने कहा- राष्ट्रगीत का सम्मान हर भारतीय का दायित्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के महापुरुषों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। ऐसे अवसर पर राष्ट्रगीत का सम्मान करना हर भारतीय का दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के राष्ट्रगीत के प्रति कथित रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।


