रायबरेली में दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में लालगंज बाजार स्थित मेसर्स कुमार ट्रेडर्स पर छापा मारकर कुल 1,04,750 रुपये का रिफाइंड तेल सीज किया गया। मिलावट के संदेह में रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने भी लिए गए। विभाग की टीम ने ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के डार्क स्टोर की भी जांच की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा और जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य मानिक चंद्र सिंह के निर्देश में टीम ने लालगंज बाजार स्थित मेसर्स कुमार ट्रेडर्स पर छापेमारी की। यहां से रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। 1.04 लाख रुपये का तेल सीज मिलावट की आशंका के चलते टीम ने 30 टिन यानी 450 किलो रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल और 10 टिन यानी 150 लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल जब्त किया। सीज किए गए तेल की कुल कीमत 1,04,750 रुपये बताई गई है। जब्त तेल को कारोबारी की कस्टडी में रखा गया है। ऑनलाइन डिलीवरी के डार्क स्टोर भी जांचे त्योहार के दौरान ऑनलाइन खरीदारी और डिलीवरी की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जेप्टो, ब्लिंकिट और फ्लिपकार्ट के डार्क स्टोर का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की। त्योहार तक जारी रहेगा अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मिलावट पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान दीपावली तक जारी रहेगा। बाजारों और ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

