रायबरेली में बारिश से ओवरब्रिज के नीचे धंसी सड़क:बना जानलेवा गड्ढा, छोटा घोसियाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर हादसे का खतरा

रायबरेली में बारिश से ओवरब्रिज के नीचे धंसी सड़क:बना जानलेवा गड्ढा, छोटा घोसियाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर हादसे का खतरा

रायबरेली में सोमवार को हुई भारी बारिश ने शहर की जल निकासी और सड़क निर्माण व्यवस्था की पोल खोल दी। कोतवाली नगर क्षेत्र में रायबरेली-लखनऊ मार्ग स्थित ओवरब्रिज के नीचे छोटा घोसियाना जाने वाले मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने से यहां गहरा और जानलेवा गड्ढा बन गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। बारिश के बाद धंसी सड़क स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया था। इसके बाद सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से एक बड़ा हिस्सा धंस गया। गड्ढे की गहराई और आसपास की स्थिति को देखते हुए लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है। रात के समय यह खतरा और बढ़ सकता है। अमृत योजना के काम पर उठे सवाल सड़क धंसने के बाद अमृत योजना के तहत कराए गए जल निकासी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर नालियों और जल निकासी से जुड़े कार्य कराए गए, लेकिन बारिश होते ही सड़कों पर जलभराव और धंसने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। लोगों का सवाल है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया गया था तो कुछ ही बारिश के बाद सड़क का हिस्सा धंसकर इतने बड़े गड्ढे में कैसे तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो सड़क धंसने के बाद स्थानीय लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही शहर की कई सड़कों पर छोटे-बड़े गड्ढे दिखाई देने लगते हैं। छोटा घोसियाना जाने वाला यह प्रमुख मार्ग होने के बावजूद अब तक मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बैरिकेडिंग और तकनीकी जांच की मांग शहरवासियों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराने और सड़क को सुरक्षित करने की मांग की है। साथ ही सड़क के धंसने की तकनीकी जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई गई है। लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढे को सुरक्षित नहीं किया गया तो किसी वाहन चालक या राहगीर के साथ गंभीर हादसा हो सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *