रायबरेली में पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता:स्वच्छता ही सेवा अभियान में छात्रों को बताए पर्यावरण और जल संरक्षण के उपाय

रायबरेली में पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता:स्वच्छता ही सेवा अभियान में छात्रों को बताए पर्यावरण और जल संरक्षण के उपाय

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026, एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ अभियान के तहत सोमवार को सकल नारायण मेमोरियल पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक निषेध पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम नगर पालिका परिषद रायबरेली के सेनेट्री एवं फूड इंस्पेक्टर रवि शेखर सिंह और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के अर्बन कोऑर्डिनेटर रमेश त्रिपाठी के संयुक्त प्रयास से हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत मिशन, प्लास्टिक हटाओ, नशा मुक्ति, पर्यावरण और जल संरक्षण विषयों पर पोस्टर बनाए। इसके साथ वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों को गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक और अन्य कचरे के लिए निर्धारित चार रंगों वाले डिब्बों के उपयोग की जानकारी दी गई। किचन वेस्ट से होम कम्पोस्टिंग की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्लास्टिक से होने वाले नुकसान बताए रवि शेखर सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और जल संरक्षण के उपाय बताते हुए प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता जरूरी है और आसपास सफाई रखकर डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। आर्ट एवं क्रिएटिव ग्रुप के अध्यक्ष प्रबोध कुमार बाजपेई, प्रधानाचार्य अनिल सिंह, बिपिन त्रिवेदी, राजीव सिंह सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *