अजमेर की गेगल थाना क्षेत्र में एक क्षतिग्रस्त कार में सोमवार को यूपी के एक युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। युवक टैक्सी लेकर यूपी से आया था। गेगल थाना पुलिस ने कार में मिले दस्तावेज के आधार पर उसके परिजनों का पता किया और घटना की जानकारी दी। युवक के परिजन यूपी से अजमेर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। युवक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। ऐसे में हत्या की भी आशंका है। हादसे में मौत होने की भी संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है मृतक के परिजन के आने के बाद ही उनकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। गेगल थाना एसएचओ रोशन लाल के मुताबिक मृतक युवक की पहचान श्रीकांत तिवारी (47) पुत्र सुरेंद्र नारायण निवासी राणा नगर दिव्यापुर जिला औरेया यूपी के रूप में हुई है। श्रीकांत टैक्सी चालक है और बुकिंग पर सवारियां लाता ले जाता है। इसलिए ही राजस्थान आया था। हत्या या हादसा? पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। मामला हत्या का भी हो सकता है। युवक की लाश ड्राइविंग सीट पर नहीं थी। पीछे की तरफ थी। उसके गले में भी चोट के निशान मिले हैं। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान हैं। पुलिस का कहना है कि कार क्षतिग्रस्त है। हो सकता है कि हादसे के बाद श्रीकांत कार के पिछले गेट से निकलने के लिए खुद ही पीछे आया हो? उसी दौरान उसकी मौत हो गई हो ? यह भी हो सकता है कि कार कोई और चला रहा हो।

