रायबरेली डीएम सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिले में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एनएचएआई, सेतु निगम, यूपीडा, लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान परियोजनावार निर्माण की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण, निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं तथा परियोजनाओं के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को लेकर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश डीएम ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण से जुड़ी लंबित कार्यवाही को नियमानुसार जल्द पूरा करने और पात्र भू-स्वामियों को मुआवजा वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से संबंधित समस्याओं का संबंधित पक्षों से समन्वय कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि परियोजनाओं के निर्माण में अनावश्यक देरी न हो। क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के निर्माण के दौरान यदि सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं तो संबंधित कार्यदायी संस्था उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराए। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी ऊंचाहार विवेक राजपूत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह समेत एनएचएआई, सेतु निगम, यूपीडा, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

