रायपुर के गंज थानाक्षेत्र में फाफाडीह के जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। तीन आरोपी साधुओं के भेष में महिला के घर पहुंचे थे। उन्होंने बीमारी और आंखों की परेशानी ठीक करने के साथ परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पूजा के नाम पर अलग-अलग समय में जेवर लेते रहे। बीमारी की ऐसी बातें बताईं, महिला को हुआ भरोसा घटना मार्च 2026 की बताई जा रही है। तीनों आरोपी साधु बनकर नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों के बारे में ऐसी बातें बताईं, जिन्हें महिला ने अपनी निजी स्थिति से जोड़कर देखा। उसे लगा कि साधुओं को उसके बारे में विशेष जानकारी है। इसके बाद उन्होंने पूजा कराने की बात कही। पहली बार करीब 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए लिए। आरोपियों ने पूजा पूरी होने के बाद सामान लौटाने की बात कही। हर 10-12 दिन में आते, जेवर लेते रहे पुलिस शिकायत के अनुसार करीब 10-12 दिन बाद आरोपी दोबारा पहुंचे और करीब 5 ग्राम की सोने की चेन ली। इसके बाद मोबाइल नंबर देकर फोन पर संपर्क बनाए रखा। आरोप है कि हर 10-12 दिन में घर आकर पूजा के नाम पर जेवर मांगते रहे। महिला ने करीब सात बार में लगभग 150 ग्राम सोने के जेवर दे दिए। इनमें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन शामिल हैं। अकाल मौत का डर दिखाकर रखा चुप महिला के मुताबिक आरोपी उसे डराते थे कि अगर जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में बड़ी अनहोनी हो सकती है। परिवार के किसी सदस्य की अकाल मौत तक होने की बात कही गई। डर के कारण महिला ने कई महीनों तक पति और परिवार को कुछ नहीं बताया। जेवर नहीं थे तो फिर फोन करने लगे 7 सितंबर से आरोपी दोबारा सोने-चांदी के जेवर और नकदी मांगने लगे। महिला ने सामान नहीं होने की बात कही, लेकिन फोन आते रहे। 25 सितंबर की रात पति जसवंत परमार के घर लौटने पर महिला ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद पति गंज थाने पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

