कानपुर के अरमापुर इस्टेट में श्री श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजित 77वें रामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम के धनुषभंग की भव्य लीला का मंचन किया गया। इसके साथ मोटे राजा का हास्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। मोटे राजा की भूमिका में छोटे लाल ने अपने अभिनय और अनूठी संवाद अदायगी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। बाल कलाकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। चित्र एवं चलचित्र निर्देशन में बृजेश मिश्रा की अहम भूमिका रही। मेकअप मैन बसंत मिश्रा और अनुज कुमार ने कलाकारों को रूप सज्जा दी। समिति की यह रामलीला 1949 से लगातार आयोजित हो रही है। इसकी खासियत है कि आयुध निर्माणी के कर्मचारी ही आयोजन की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों से लेकर नई पीढ़ी तक इसमें सक्रिय भूमिका निभाती है। बाहरी कलाकारों के बिना होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज रहा है।

