कार्तिक माह में होने वाली अयोध्या की ऐतिहासिक पंचकोसी और 14 कोसी परिक्रमा से पहले रामनगरी में तैयारियों का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। दिन में निर्माण और विकास कार्यों से बदलता परिक्रमा क्षेत्र रात होते ही रोशनी से जगमगा उठता है। हलात यह है कि पंचकासी परिक्रमा मार्ग छिटपुट कामों को छोड़कर पूरी तरह से तैयार है। जबकि 14 कोसी परिक्रमा मार्ग में कैंटोमेंट एरिया में लगगभ 6 किलोमीटर मार्ग का निर्माण छोड़ शेष काम पूरा कर लिया गया है।इस निर्माण के बाद मेलों की भीड़ के दौरान रामपथ की व्यवस्तता के समय यह बेहद कारगर वैकल्पिक मार्ग बन गया है। वरिष्ठ पत्रकार आनंद मोहन के अनुसार सड़क किनारे लगी रोशनी और विकसित होता मार्ग श्रद्धालुओं को एक नए स्वरूप की अयोध्या का एहसास करा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्तिक माह में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं और पंचकोसी तथा 14 कोसी परिक्रमा में शामिल होते हैं। इसे देखते हुए परिक्रमा मार्गों को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के लिए बड़ा बदलाव
पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण का उद्देश्य बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाना है। ऐसे में कार्तिक परिक्रमा से पहले मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का बेहतर होना श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रात में रोशनी से चमकता मार्ग अयोध्या के धार्मिक पर्यटन की बदलती तस्वीर को भी सामने ला रहा है। 14 कोसी मार्ग पर भी तेजी से आगे बढ़ रही प्रक्रिया
14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण और विकास की प्रक्रिया भी जारी है। मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने के साथ जनौरा अंडरपास को फोरलेन किए जाने की योजना भी सामने आई है।यह बनकर तैयार है पर अभी खेला नही गया है। कार्तिक परिक्रमा को देखते हुए अयोध्या में सड़क, प्रकाश, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियां आने वाले दिनों में और तेज होने की उम्मीद है। रात में जगमगाते परिक्रमा मार्ग इस बात की झलक दे रहे हैं कि आस्था की नगरी अयोध्या अब आधुनिक सुविधाओं के साथ अपनी धार्मिक परंपराओं को नई भव्यता देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कार्तिक में जब लाखों कदम रामनगरी की परिक्रमा करेंगे, तब रोशनी से सजे ये मार्ग श्रद्धालुओं की आस्था के साथ अयोध्या के बदलते स्वरूप के भी साक्षी बनेंगे। अब कुछ विसुअल्स में परिक्रमा मार्ग की रात को किस कदर चमक रहा है..इसे देखिए….

