राजस्थान: 15 अगस्त समारोह में कुर्सी पर बैठे दलित समाज के 2 लोगों को उठाने का आरोप, नामजद रिपोर्ट दर्ज

राजस्थान: 15 अगस्त समारोह में कुर्सी पर बैठे दलित समाज के 2 लोगों को उठाने का आरोप, नामजद रिपोर्ट दर्ज

बागोर (भीलवाड़ा): बागोर थाना क्षेत्र के भाखलिया गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कुर्सियों पर बैठने को लेकर उपजा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विद्यालय परिसर में दलित समाज के ग्रामीणों के साथ हुए कथित जातिगत भेदभाव और सार्वजनिक अपमान के विरोध में क्षेत्र के विभिन्न संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जातिगत टिप्पणी का आरोप

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बागोर निवासी दिनेश खटीक ने बागोर थाने में शिकायत सौंपी है। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि 15 अगस्त को भाखलिया स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस का सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान भाखलिया निवासी रामेश्वर लाल बैरवा और गोपीलाल बैरवा वहां उपलब्ध खाली कुर्सियों पर बैठ गए।

rajasthan 2 dalits allegedly removed from chairs
विरोध में दलित समाज के लोगों ने निकाली रैली

आरोप है कि उन्हें कुर्सियों पर बैठा देख गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने सख्त आपत्ति जताई। उन्होंने दोनों ग्रामीणों को कुर्सियों से उठने को कहा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।

पांच आरोपियों पर केस दर्ज

घटना के बाद से ही बैरवा समाज सहित समूचे दलित समाज में रोष फैल गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने भाखलिया गांव के पांच नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ितों और समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से सभी नामजद दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

rajasthan 2 dalits allegedly removed from chairs
बैठक करते हुए दलित समाज के लोग

वाहन रैली निकालकर सौंपा जाएगा ज्ञापन

घटना के विरोध में और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को बैरवा समाज तथा विभिन्न सहयोगी संगठनों के आह्वान पर एक विशाल वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह आक्रोश रैली क्षेत्र के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए उपतहसील कार्यालय पहुंचेगी। वहां उग्र प्रदर्शन के पश्चात प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *