राजस्थान में टेनिस को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ने के लिए राजस्थान रेंजर्स ने ग्रासरूट्स टेनिस पहल शुरू की है। किआ टेनिस प्रीमियर लीग (TPL) सीजन-8 में हिस्सा लेने वाली टीम की ओर से जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 17 और 18 अक्टूबर को दो दिवसीय टेनिस कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें 150 से ज्यादा युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है। कैंप में भारत के पूर्व डेविस कप खिलाड़ी और राजस्थान रेंजर्स के मेंटर श्रीनाथ प्रह्लाद खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देंगे। कैंप में अंडर-10, अंडर-12, अंडर-14 और अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों को मैच की तैयारी, अनुशासन और नियमित अभ्यास के महत्व के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही फिटनेस, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, फिजियोथेरेपी और मानसिक तैयारी जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। श्रीनाथ प्रह्लाद युवा खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे और उन्हें खेल में आगे बढ़ने के लिए मोटिवेट करेंगे। टेनिस को बच्चों के लिए आसान और आकर्षक बनाना लक्ष्य राजस्थान रेंजर्स के टीम ओनर सलीम दीवान ने कहा कि भारतीय टेनिस का भविष्य केवल बड़े स्टेडियमों और टीवी पर दिखने वाले मुकाबलों से नहीं बनेगा, बल्कि इसकी नींव उन टेनिस कोर्ट पर रखी जाएगी, जहां बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। राजस्थान से जुड़ाव होने के कारण जयपुर में इस तरह की पहल उनके लिए खास मायने रखती है। उन्होंने कहा कि टीम चाहती है कि राज्य के ज्यादा से ज्यादा बच्चे टेनिस से जुड़ें और इस खेल में अपना भविष्य बनाएं। सलीम दीवान के मुताबिक- छोटी उम्र से ही बच्चों में टेनिस के प्रति रुचि पैदा करना जरूरी है। टीम का उद्देश्य केवल अच्छे खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि टेनिस को बच्चों के लिए सुलभ और आकर्षक बनाना भी है। उनकी कोशिश है कि बच्चों के लिए टेनिस रैकेट उठाना भी उतना ही सामान्य हो, जितना क्रिकेट का बल्ला उठाना। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल बच्चों को मोबाइल फोन से पहले खेल के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित कर सकेगी। राजस्थान के खिलाड़ियों से जुड़ाव मजबूत करेगी टीम राजस्थान रेंजर्स का मालिकाना हक राजस्थान के RAPL ग्रुप के पास है। टीम का नेतृत्व ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर, बिजनेसमैन और बॉलीवुड अभिनेता सलीम दीवान कर रहे हैं। मूल रूप से झुंझुनूं जिले से ताल्लुक रखने वाले सलीम दीवान के नेतृत्व में RAPL ग्रुप ने पहली बार पेशेवर खेलों की दुनिया में कदम रखा है। टीम की यह पहल राजस्थान में टेनिस को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने की रणनीति का हिस्सा है। दिसंबर में हैदराबाद में होगा TPL सीजन-8 राजस्थान रेंजर्स दिसंबर में होने वाले किआ टेनिस प्रीमियर लीग के आठवें सीजन की तैयारियों में भी जुटी है। लीग का आयोजन 8 से 13 दिसंबर 2026 तक हैदराबाद के एलबी टेनिस स्टेडियम में होगा। सीजन में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। भारत की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी और छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सानिया मिर्जा राजस्थान रेंजर्स की ब्रांड एंबेसडर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के ग्रैंड स्लैम विजेता रिंकी हिजिकाता टीम के इंटरनेशनल मार्की प्लेयर हैं। टीम में भारत के अनुभवी डबल्स खिलाड़ी एन. श्रीराम बालाजी और रूस की अनास्तासिया जोलोतारेवा भी शामिल हैं। राजस्थान रेंजर्स ने 12 अक्टूबर को मुंबई में हुए प्लेयर ऑक्शन में दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया था। ग्रासरूट्स कैंप के जरिए टीम एक ओर जहां युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने और राजस्थान में टेनिस की पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर लीग में अपने पहले सीजन के लिए टीम की तैयारियां भी कर रही है।

