राजस्थान के 7 जिलों में आज बारिश का अलर्ट:सामान्य से 2 दिन की देरी से मानसून की विदाई शुरू, अब तक 22 फीसदी कम बरसात

राजस्थान के 7 जिलों में आज बारिश का अलर्ट:सामान्य से 2 दिन की देरी से मानसून की विदाई शुरू, अब तक 22 फीसदी कम बरसात

राजस्थान में शनिवार से मानसून की विदाई शुरू हो गई। सामान्य से 2 दिन की देरी से बीकानेर के खाजूवाला, फलोदी और जैसलमेर के बॉर्डर एरिया से मानसून की विदाई का चरण शुरू हो गया। वहीं, दूसरी तरफ दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने आज भी 7 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को बारां, उदयपुर, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर, सिरोही, बूंदी, चित्तौड़गढ़ में कुछ स्थानों पर बादल छाए और हल्की बारिश हुई। राजस्थान में इस साल का मानसून सीजन काफी कमजोर रहा है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सामान्य या उससे कम बारिश हुई है। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स यहां हुई बारिश: 19 सितंबर को बारां के अटरू में सबसे ज्यादा 29MM बारिश दर्ज हुई। जबकि बारां, झालावाड़ में भी आध इंच तक पानी बरसा। एंट्री साइक्लोन बनना शुरू: मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान-राजस्थान की सीमा पर एंटी साइक्लोन बनना शुरू हो गया। इससे अब वातावरण से तेजी से नमी का लेवल कम होने लगा है। ये सभी परिस्थितियों मानसून ​की विदाई के अनुकूल मानी जाती है। मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान के कुछ हिस्सों के अलावा पंजाब और गुजरात के कुछ एरिया में ये परिस्थितियां नजर आ रही हैं। तापमान 9 डिग्री तक चढ़ा: एंटी साइक्लोन बनने से आसमान अब साफ होने लगा है। शनिवार को चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, जैसलमेर, कोटा, डूंगरपुर, सिरोही, प्रतापगढ़ ​समेत कई जिलों का अधिकतम तापमान 1 से 9 डिग्री तक चढ़ गया। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में दर्ज हुआ आज कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: शनिवार को अधिकांश समय आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री चढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गर्मी के साथ कुछ जगहों पर हल्की उमस रही। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले तीन-चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। कोटा: दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मौसम खुशनुमा रहा। हालांकि दिन का पारा 3 डिग्री बढ़कर 31. 2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम पारा 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम साढ़े 5 बजे तक 1.1 एमएम बारिश हुई। उदयपुर: शनिवार सुबह मौसम पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप निकली रही। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से. दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री था। सीकर: शनिवार को पूरे दिन तेज गर्मी रही। सुबह से शाम तक आसमान साफ रहा। कुछ ग्रामीण इलाकों में हल्के बादल भी छाए। अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में रात के तापमान में गिरावट और दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा गई है। जोधपुर: शनिवार को मौसम सामान्य रहा। अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। शुक्रवार को 6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। अजमेर: शनिवार को बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने से उमस और गर्मी का एहसास हुआ। दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव रहा। अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अलवर: शनिवार सुबह मौसम सामान्य बना रहा। सुबह से धूप खिली रही, जिससे गर्मी का हल्का असर महसूस हुई। शुक्रवार को भी पूरे दिन मौसम सामान्य रहा था। अलवर मे अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *