राकांपा ने Zeeshan Siddique को सौंपी मुंबई की कमान, Umesh Patil बने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता

राकांपा ने Zeeshan Siddique को सौंपी मुंबई की कमान, Umesh Patil बने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पार्टी के दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे एवं विधान परिषद सदस्य जीशान सिद्दीकी को बुधवार को अपनी मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। सिद्दीकी ने कहा कि वह महानगर में पार्टी का विस्तार करने के लिए काम करेंगे। सिद्दीकी ने उन्हें ‘‘बड़ी जिम्मेदारी’’ सौंपने के लिए पार्टी प्रमुख एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और वरिष्ठ नेता पार्थ पवार का आभार जताया।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अभी लंबा सफर तय करना है। मैं सभी को साथ लेकर मुंबई में पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान दूंगा। मैं दिवंगत (राकांपा प्रमुख) अजित पवार और अपने पिता के सपनों को पूरा करने के लिए काम करूंगा।’’
सिद्दीकी ने कहा कि पार्थ पवार उनके लिए बड़े भाई की तरह हैं।

सुनेत्रा पवार ने सिद्दीकी के अलावा उमेश पाटिल को राकांपा का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त करने की भी घोषणा की। पार्टी के एक बयान के अनुसार, दक्षिण मुंबई स्थित सुनेत्रा पवार के आधिकारिक आवास ‘देवगिरि’ में दोनों नेताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस दौरान पार्टी के अन्य नेता और पदाधिकारी भी मौजूद थे।

सुनेत्रा पवार ने विश्वास जताया कि पाटिल और सिद्दीकी दिवंगत अजित पवार के आदर्शों, दृष्टिकोण और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। जीशान सिद्दीकी उनके पिता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ दिन बाद अक्टूबर 2024 में राकांपा में शामिल हुए थे। पार्टी ने उसी वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें बांद्रा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरुण सरदेसाई से हार गए थे।

सिद्दीकी मई 2026 में विधान परिषद सदस्य बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *