रतलाम में तलवारें थाम गरबा करेंगे भक्त, दिखेगा शौर्य:रंग-गुलाल के बीच गरबा पंडालों में मां अंबे की भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम दिखेगा

रतलाम में तलवारें थाम गरबा करेंगे भक्त, दिखेगा शौर्य:रंग-गुलाल के बीच गरबा पंडालों में मां अंबे की भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम दिखेगा

रतलाम में नवरात्रि का उत्साह भक्ति भाव के साथ चरम पर पहुंच गया है। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे गरबा पंडालों में देर रात तक मां अंबे की भक्ति के साथ गरबा रास किया जा रहा है। गरबा पंडालों में शौर्य और शक्ति का अनूठा संगम भी देखने को मिल रहा है। बालिकाएं तलवारों व अन्य शस्त्रों के साथ मां अंबे की आराधना करते हुए गरबा कर रही हैं। शहर के कालिका माता मंदिर में सोमवार सुबह रंग-गुलाल के साथ गरबा रास होगा। भक्ति और शक्ति की आराधना के साथ गरबा रास के अब दो दिन शेष बचे हैं। शहर में जहां रात में गरबा हो रहे हैं, वहीं कालिका माता मंदिर में अलसुबह और रात को श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा गरबा रास का आयोजन किया जा रहा है। शहर के सैलाना रोड स्थित श्रीराम मंदिर में शनिवार रात युवतियों ने तलवारों के साथ गरबा किया। डॉट की पुल क्षेत्र में तीन दिवसीय पुरुष चंटिये का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देर रात तक चंटिये खेले। रंग-गुलाल के बीच खेलेंगे गरबा श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा मां कालिका माता मंदिर परिसर में नियमित रूप से विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। ट्रस्ट अध्यक्ष राजाराम मोतियानी, उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट, सचिव हरीश कुमार बिंदल और प्रवक्ता राकेश पोरवाल ने बताया कि रविवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में माता रानी का आकर्षक शृंगार किया गया। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, गायत्री परिवार के पातीराम शर्मा, राजेश माहेश्वरी, करण वशिष्ठ और एडवोकेट प्रकाश मजावदिया सहित अन्य लोगों ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर ज्योत जलाई। इसके बाद गरबा रास की शुरुआत हुई। सोमवार, 19 अक्टूबर को सुबह 5 बजे गरबा रास के दौरान रंग-गुलाल उड़ाया जाएगा। इसके बाद अष्टमी का हवन होगा। दोपहर 12 बजे से कन्या भोज आयोजित किया जाएगा। बालिकाओं ने तलवारों के साथ खेला गरबा नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम नांदलेटा में भक्ति के साथ शौर्य और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां बालिकाओं ने तलवारों के साथ गरबा प्रस्तुत कर अपनी कला, आत्मविश्वास और अनुशासन का प्रदर्शन किया। महामंडलेश्वर स्वामी आनंद गिरि महाराज के सानिध्य में दुर्गा पूजन, महाआरती, शस्त्र पूजन और शस्त्र वितरण का आयोजन किया। तलवारों के साथ गरबा करती बालिकाओं की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन में शामिल बालिकाओं और ग्रामवासियों में उत्साह देखने को मिला। जुना अखाड़े के महंत नरेन्द्र गिरी महाराज, करणीसेना परिवार के जीवनसिंह शेरपुर, दशनामी दत्त सेना के अध्यक्ष संजयपुरी गोस्वामी, रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *