सिरोही जिला मुख्यालय के हेड पोस्ट ऑफिस में रक्षाबंधन के लिफाफे सोमवार से उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही, पिन कोड नंबर नहीं लिखने पर लिफाफे स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं, जिससे ग्राहकों को परेशानी हो रही है। रक्षाबंधन पर्व से 10 दिन पहले ही डाकघर में विशेष लिफाफे समाप्त हो गए हैं। इससे बहनें अपने भाइयों को राखी भेजने के लिए सामान्य लिफाफों का उपयोग करने को मजबूर हैं। कई लोग लिफाफों की उम्मीद में पोस्ट ऑफिस पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें बताया जा रहा है कि स्टॉक खत्म हो गया है और नए लिफाफे नहीं आएंगे। विशेष काउंटर तो सजा है, लेकिन लिफाफे नहीं है
विडंबना यह है कि पोस्ट ऑफिस ने एक विशेष काउंटर को कागजी फूलों से सजाकर बाहर लिखा है कि 10 रुपए और 15 रुपए के रक्षाबंधन लिफाफे उपलब्ध हैं। हालांकि, इस काउंटर पर बैठे कर्मचारी ग्राहकों को लिफाफे उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी भेजने के लिए पिन कोड नंबर अनिवार्य कर दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अक्सर शहरों के पिन कोड की जानकारी नहीं होती, जिससे उन्हें मजबूरन निजी कूरियर सेवाओं का सहारा लेना पड़ रहा है। जब इस संबंध में डाकघर अधीक्षक अखाराम से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पूछा कि कितने लिफाफे चाहिए, वह मंगवा देंगे। हालांकि, जब उन्हें बताया गया कि पूरे शहर और आसपास के गांवों के लोगों को लिफाफों की आवश्यकता है और त्यौहार में अभी 10 दिन शेष हैं, तो वे इस पर चुप्पी साध गए।

