छतरपुर के भगवां थाना क्षेत्र के नकरयाखेड़ा गांव में खेत में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मारपीट हुई। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। इस पूरे विवाद में 5 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना 16 अगस्त की सुबह हुई। नकरयाखेड़ा निवासी नंदकिशोर रैकवार और सुखदीन रैकवार अपने खेत में भैंस चरा रहे थे। भैंसों को खेत से हटाने को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की शिकायतकर्ता हरपा कुशवाहा (74) के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मारपीट हुई। मारपीट में हरपा कुशवाहा, उनकी पत्नी, बहू, भतीजे और भाभी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हरपा कुशवाहा की शिकायत पर पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

