रक्षाबंधन पर्व जिलेभर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। दिनभर बाजारों में रौनक रही। मिठाइयों की दुकानों पर विशेष रूप से काफी भीड़ नजर आई। रोडवेज बस स्टैंड पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर लोगों ने देवी-देवताओं को भी राखी बांधी और जिले में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। किसानों ने अपनी फसलों को भी राखी बांधकर अच्छी पैदावार की कामना की। ज्योतिष बाबूलाल शास्त्री ने बताया कि देर रात तक राखी बांधने के लिए शुभ समय रहेगा। बाजारों में फैंसी और ईको-फ्रेंडली राखियों की मांग
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही। कपड़े, मिठाई और राखियों की दुकानों पर काफी चहल-पहल देखने को मिली। इस बार चंदन, रुद्राक्ष, जरी-जरदोजी और ईको-फ्रेंडली यानी बीज वाली राखियों की मांग भी रही। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और लाइट वाली राखियां विशेष आकर्षण रहीं। जेल में बंद भाइयों को भी बांधी राखी
जिला जेल में भी बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। जेल प्रशासन की व्यवस्था के अनुसार बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान जेल परिसर में भाई-बहन के मिलन के भावुक दृश्य भी देखने को मिले। महिलाओं को मिली निशुल्क यात्रा करने की सौगात
रक्षाबंधन पर बहनों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए विभिन्न राज्यों के परिवहन निगमों ने विशेष बस सेवाएं शुरू कीं। राजस्थान में रक्षाबंधन के मौके पर 48 घंटे महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा के चलते बसों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। राखी पर्व पर 20 अतिरिक्त रोडवेज बसें मालपुरा, सवाई माधोपुर और नैनवां मार्ग पर चलाई गईं। बस स्टैंड पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस जवानों को बांधा रक्षा सूत्र
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शाखा टोंक की ब्रह्माकुमारी बहनों ने कोतवाली पुलिस थाना टोंक, पुलिस लाइन टोंक और पुलिस थाना बनेठा पहुंचकर पुलिस अधिकारियों, जवानों और शहर के गणमान्य नागरिकों को आत्मस्मृति का तिलक लगाया। इसके बाद पवित्रता, प्रेम, सद्भाव और शुभभावना का रक्षा सूत्र बांधा गया। सभी का मुंह मीठा कराया गया और नशामुक्त एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अपर्णा दीदी ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा और परमात्मा के अटूट, पवित्र एवं दिव्य संबंध की याद दिलाने वाला आध्यात्मिक उत्सव है। ब्रह्माकुमारी पूनम दीदी ने रक्षाबंधन का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि सच्चा रक्षा सूत्र वह है, जो मनुष्य को बुराइयों, नकारात्मक विचारों और विकारों से बचने की प्रेरणा दे। पवित्रता, सम्मान और शुभ संकल्प ही रिश्तों को मजबूत और सुंदर बनाते हैं। ब्रह्माकुमारी ऋतु दीदी ने संस्थान द्वारा भारत सरकार के सहयोग से संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों और नागरिकों को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित भारत की आधारशिला है।

