गोरखपुर के चटोरी गली में पहुंचें DM, SSP और नगर-आयुक्त:बोले- मांग पर मंथन किया जा रहा, व्यापारी बोले- रास्ता खोलने से ही होगा समाधान

गोरखपुर के चटोरी गली में पहुंचें DM, SSP और नगर-आयुक्त:बोले- मांग पर मंथन किया जा रहा, व्यापारी बोले- रास्ता खोलने से ही होगा समाधान

गोरखपुर के गोलघर स्थित चटोरी गली के रास्ते को खोलने की मांग को लेकर व्यापारियों का आक्रोश बढ़ने के बाद शुक्रवार को प्रशासन की एक टीम मौके पर पहुंचा। डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, नगर आयुक्त अजय जैन और अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव समेत कई अधिकारियों ने चटोरी गली का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। अधिकारियों के एक साथ मौके पर पहुंचने से व्यापारियों में रास्ता खुलने की उम्मीद जगी है। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने बताया कि रास्ता बंद होने से ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इसका असर दुकानों की बिक्री और कारोबार पर भी पड़ रहा है। व्यापारियों ने मांग की कि चटोरी गली का रास्ता जल्द खोला जाए, ताकि ग्राहकों की आवाजाही बढ़े और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य हो सकें। डीएम बोले- व्यापारियों के हित को ध्यान में रखकर होगा फैसला जिलाधिकारी दीपक मीणा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शहर है। यहां की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाता है। व्यापारियों की परेशानी दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठकर बातचीत की जाएगी। समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। डीएम ने कहा कि शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया है। संबंधित अधिकारियों और व्यापारियों के साथ चर्चा के बाद ऐसा रास्ता निकालने का प्रयास होगा, जिससे व्यापारियों को हो रही परेशानी दूर की जा सके। हालांकि, रास्ता खोलने को लेकर अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। पुराने बाजार में ट्रैफिक और निर्माण कार्य भी चुनौती गोलघर शहर का पुराना और प्रमुख बाजार है। यहां यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने को लेकर समय-समय पर चर्चा होती रहती है। चटोरी गली में भी रास्ते और ग्राहकों की आवाजाही को लेकर व्यापारी लंबे समय से अपनी समस्या उठा रहे हैं। व्यापारियों की मांग है कि व्यवस्था ऐसी हो, जिससे यातायात प्रबंधन के साथ कारोबार पर भी प्रतिकूल असर न पड़े। शुक्रवार को अधिकारियों और व्यापारियों के बीच हुई बातचीत में इसी समस्या के समाधान पर जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर आगे का फैसला लेने की बात कही गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष बोले- निरीक्षण से जगी उम्मीद समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन जायसवाल ने कहा कि जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि उनकी मांग पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डीएम ने चटोरी गली का निरीक्षण करने के बाद व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि उनकी मांग पर विचार किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *