Bigg Boss 20 Promo: मशहूर बॉलीवुड रैपर बादशाह और पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी के तलाक की खबरों ने पिछले कुछ दिनों से मीडिया में भारी हलचल मचा रखी है। शादी के महज पांच महीने बाद ही एक-दूसरे से अलग होने की घोषणा करने वाले इस जोड़े को लेकर अब एक नया और बड़ा अपडेट सामने आया है। लोगों का कहना है कि ईशा रिखी टीवी के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में एक प्रतियोगी (कंटेस्टेंट) के रूप में नजर आने वाली हैं। मेकर्स द्वारा जारी किए गए लेटेस्ट प्रोमो पर लोग कमेंट कर रहे हैं।
क्या बिग बॉस के नए प्रोमो में दिखी ईशी रिखी?
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर रविवार को होने जा रहा है। शो के शुरू होने से ठीक पहले मेकर्स ने इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर कंटेस्टेंट के धुंधले चेहरों वाला प्रोमो जारी करना शुरू कर दिया है। हाल ही में सामने आए एक प्रोमो में एक लड़की रोते हुए अपने टूटे दिल और पर्सनल लाइफ का दर्द बयां करती नजर आ रही है।
प्रोमो में वह पंजाबी और हिंदी फिल्मों की अभिनेत्री होने का दावा करती हैं और भावुक होकर कहती हैं, “मुझे प्यार हुआ था, और जो कुछ भी मैंने फेस किया… जब आपका भरोसा टूटता है कुछ रिश्तों से तो…”
हालांकि, प्रोमो में चेहरा पूरी तरह ब्लर नजर आ रहा है, लेकिन इसे देख लोगों का कहना है कि ये रैपर बादशाह की पत्नी ईशा रिखी की आवाज है और बॉडी लैंग्वेज और उनके बयानों को देखकर भी लोग यही कयास लगा रहे हैं कि ये ईशा रिखी हैं। वहीं कई ऐसे भी हैं जो कह रहे हैं कि ये गीता बसरा है।


कमेंट्स सेक्शन में यूजर्स ने बादशाह को घेरा
कमेंट सेक्शन में फैंस और यूजर्स की बाढ़ आई हुई है। लोग सीधे तौर पर बादशाह को टैग करके सवाल पूछ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “@badboyshah क्यों भाई क्यों?” वहीं एक अन्य यूजर ने ईशा का समर्थन करते हुए लिखा, “ईशा ने अपनी जिंदगी को दूसरा मौका दिया था, लेकिन बादशाह को प्यार नहीं होता। भाई तुम बस गाने ही गाओ!”
एक ने लिखा, “अभी एक्टिंग नहीं करनी है बहन। अंदर जाने के बाद सब करना होता है।” एक और ने कहा, “ये माही विज है।” एक अन्य ने कहा, “रोना धोखा शुरू।” एक ने लिखा, “हम लोग कंटेस्टेंट को देखने नहीं भाईजान को देखने आए हैं।”


आधिकारिक रूप से अलग हुए थे ईशा और बादशाह
बता दें, 1 सितंबर को बादशाह और ईशा रिखी ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपने अलग होने की पुष्टि की थी। उन्होंने लिखा था, “मैंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अलग होने और अपने-अपने रास्ते पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। यह निर्णय आपसी सम्मान के साथ लिया गया है, और हम सभी से अनुरोध करते हैं कि कृपया इस दौरान हमारी निजता का सम्मान करें।”

